
आसनसोल : चित्तरंजन रेल नगर में बीते रात एक ऐसी चोरी की घटना सामने आई जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। गड्डा कॉलोनी क्षेत्र के बी रोड स्थित एक सरकारी आवास में उस समय चोरी हुई जब मकान मालिक महज आधे घंटे के लिए घर से बाहर निकले थे। जानकारी के अनुसार, पीड़ित शंभू सिंह, जो रेल विभाग में कार्यरत हैं, अपने बेटे की शादी की तैयारी में व्यस्त थे और उसी संबंध में आमंत्रण पत्र की छपाई देखने के लिए पास के बाजार गए थे।
करीब आठ बजे के आसपास जब वह लौटे तो उन्होंने देखा कि उनके घर का मुख्य ताला टूटा हुआ है। दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे उन्हें शक हुआ। जब वे पीछे की ओर गए तो वहाँ का दरवाजा टूटा मिला। घर में प्रवेश करने पर पता चला कि अंदर रखी दो अलमारियों में से एक को चोरों ने तोड़ दिया था और उसमें रखे करीब 70 हजार रुपये नगद गायब थे।

घटना की सूचना तुरंत चित्तरंजन थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस रात में ही मौके पर पहुँची और प्रारंभिक जाँच शुरू की। घर के आस-पास की तलाशी ली गई, लेकिन अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चोरी में शामिल लोग इलाके की भौगोलिक स्थिति से अच्छी तरह परिचित लगते हैं, क्योंकि उन्होंने वारदात के लिए ऐसे समय का चयन किया जब आसपास सन्नाटा था।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में न तो कोई सीसीटीवी कैमरा लगा है और न ही रात में पर्याप्त गश्त होती है। इससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। निवासियों ने कई बार रेल प्रशासन से इलाके में कैमरे लगाने और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

शंभू सिंह ने बताया कि बेटे की शादी की तारीख नजदीक होने के कारण वे पूरी तैयारी में लगे हुए थे। “सिर्फ आधे घंटे के लिए बाहर गया था, लौटने पर देखा तो सब कुछ बिखरा पड़ा था,” उन्होंने भावुक होकर कहा।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आसपास के संदेहास्पद लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चोरी में कितने लोग शामिल थे। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।














Users Today : 2
Users Yesterday : 35