आसनसोल : बुधवार को आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के 84 नंबर वार्ड में तृणमूल कांग्रेस की ओर से विकास कार्यों के प्रचार-प्रसार को लेकर भव्य पदयात्रा और जनसभा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा बीआरएमबी रोड से प्रारंभ होकर बुधा पेट्रोल पंप तक पहुंची, जहां जनसभा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे आयोजन में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।

इस पदयात्रा की खास पहचान महिलाओं की बड़ी भागीदारी रही। करीब 350 महिलाओं ने तृणमूल कांग्रेस के झंडे और बैनर के साथ पदयात्रा में शामिल होकर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश लोगों तक पहुंचाया। महिलाओं ने नारे लगाते हुए सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर राज्यभर में चल रहे ‘उन्नयनेर पांचाली’ यानी ‘विकास की गाथा’ अभियान के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य पिछले 15 वर्षों में राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाना है। इसी क्रम में 84 नंबर वार्ड में 20 टोटो टैबलो को विशेष रूप से सजाया गया, जिन्हें पदयात्रा के साथ रवाना किया गया। ये टोटो टैबलो विभिन्न बूथों और मोहल्लों में जाकर सरकार की उपलब्धियों का प्रचार कर रहे हैं।

कार्यक्रम में आसनसोल नगर निगम के एमआईसी मानस दास और बोरो चेयरमैन डॉ. देबाशीष सरकार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने पदयात्रा में शामिल होकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों से संवाद किया। जगह-जगह लोगों ने पदयात्रा का स्वागत किया और सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
जनसभा को संबोधित करते हुए बोरो चेयरमैन डॉ. देबाशीष सरकार ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में पिछले 15 वर्षों में पश्चिम बंगाल में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में राज्य सरकार ने जो कार्य किए हैं, वह देश के लिए मिसाल हैं। कन्याश्री, लक्ष्मी भंडार, स्वास्थ्य साथी और छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचा है।
डॉ. सरकार ने कहा कि यह पदयात्रा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि जनता के सामने विकास का रिपोर्ट कार्ड रखने का माध्यम है। तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता टोटो टैबलो और पदयात्रा के जरिए हर गली, हर वार्ड और हर बूथ तक जाकर लोगों को यह बता रहे हैं कि सरकार ने उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए क्या-क्या कदम उठाए हैं।

एमआईसी मानस दास ने भी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों को देखते हुए संगठन को मजबूत करना जरूरी है और जनता के बीच सरकार के कामकाज को सही ढंग से प्रस्तुत करना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
पदयात्रा के समापन पर आयोजित जनसभा में नेताओं ने आगामी दिनों में इस अभियान को और व्यापक रूप देने का संकेत दिया। बुधवार को हुए इस आयोजन ने क्षेत्र में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी और तृणमूल कांग्रेस के संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन किया।















Users Today : 0
Users Yesterday : 37