आसनसोल : गुरुवार को आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई, जब सीतारामपुर के सुभाष पाड़ा स्थित विदाईगढ़ ब्रिज के पुनर्निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े इस पुल के कारण स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अब करीब दो करोड़ रुपये की लागत से नए ब्रिज के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने से लोगों में खुशी और उम्मीद का माहौल देखा गया।

गुरुवार को आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में आसनसोल नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय ने निर्माण कार्य का औपचारिक उद्घाटन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और निगम के अधिकारी मौजूद रहे। वर्षों से उपेक्षित इस समस्या के समाधान की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि विदाईगढ़ ब्रिज की हालत काफी समय से बेहद खराब थी। सीतारामपुर, नियामतपुर और चिनाकुड़ी जैसे इलाकों को जोड़ने वाला यह मार्ग लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बेहद अहम है। पुल की जर्जर स्थिति के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को विशेष परेशानी झेलनी पड़ती थी। बरसात के दिनों में हालात और भी गंभीर हो जाते थे, जब पानी के तेज बहाव के बीच अस्थायी व्यवस्था के सहारे लोगों को जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ता था।
विशेष रूप से सावन के महीने में इस पुल की समस्या और गंभीर हो जाती थी। बड़ी संख्या में शिव भक्त इसी मार्ग से होकर आसनसोल के चंद्रचूड़ मंदिर में जलाभिषेक के लिए जाते हैं। टूटे और कमजोर पुल से गुजरना उनके लिए खतरे से खाली नहीं था। कई बार स्थानीय लोगों को बारिश के दौरान बांस और लकड़ी के सहारे अस्थायी पुल बनाना पड़ता था, जो अक्सर पानी के बहाव में बह जाता था।

गुरुवार को शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मेयर विधान उपाध्याय ने कहा कि नगर निगम ने स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि इस ब्रिज के पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि आवंटित कर दी गई है और तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नया पुल मजबूत और सुरक्षित होगा, जिससे भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो।
इस अवसर पर डिप्टी मेयर वसीमुल हक, राज्य तृणमूल कांग्रेस के नेता उज्ज्वल चटर्जी, कुल्टी टाउन-1 के अध्यक्ष बादल पुइतांडी, एमआईसी इंद्राणी मिश्रा और स्थानीय पार्षद समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह पुल क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
मेयर ने कहा कि नए ब्रिज के निर्माण से न केवल श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों और दैनिक आवागमन में भी सुधार होगा। गुरुवार को शुरू हुआ यह कार्य स्थानीय निवासियों के लिए लंबे इंतजार के बाद विकास की नई उम्मीद लेकर आया है।















Users Today : 30
Users Yesterday : 23