दुर्गापुर महकमा अस्पताल में शुरू अत्याधुनिक लैप्रोस्कोपी सर्जरी सुविधा

Facebook
Twitter
WhatsApp

दुर्गापुर :  शनिवार को दुर्गापुर महकमा अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए अत्याधुनिक लैप्रोस्कोपी सर्जरी यूनिट की शुरुआत की। इस नई सुविधा के शुभारंभ के साथ ही अब क्षेत्र के मरीजों को कई जटिल शल्यक्रियाओं के लिए बड़े निजी अस्पतालों या दूर-दराज के शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। यह पहल सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

IMG 20250511 WA0050

अस्पताल परिसर में आयोजित एक औपचारिक कार्यक्रम के दौरान राज्य के मंत्री प्रदीप मजूमदार, आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (एडीडीए) के चेयरमैन तथा रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष कवि दत्त और अस्पताल के अधीक्षक डॉ. धीमान मंडल ने संयुक्त रूप से इस यूनिट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और रोटरी क्लब ऑफ दुर्गापुर (सेंट्रल) के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। रोटरी क्लब के सहयोग से स्थापित इस आधुनिक मशीन को अस्पताल के लिए एक बड़ी सौगात बताया गया।

IMG 20260131 WA0080

मंत्री प्रदीप मजूमदार ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि आम लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं सरकारी अस्पतालों में ही उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि लैप्रोस्कोपी जैसी आधुनिक तकनीक के आने से मरीजों को कम दर्द, कम रक्तस्राव और तेजी से स्वस्थ होने का लाभ मिलेगा। इससे स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों का भरोसा और मजबूत होगा।

रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष कवि दत्त ने कहा कि दुर्गापुर महकमा अस्पताल को लगातार आधुनिक बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि यहां आने वाले मरीजों को हर संभव सुविधा मिल सके। उनका कहना था कि लक्ष्य यही है कि क्षेत्र के लोगों को सामान्य से लेकर जटिल बीमारियों के इलाज के लिए निजी अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े।

IMG 20240918 WA0025

अस्पताल के अधीक्षक डॉ. धीमान मंडल ने नई यूनिट की तकनीकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि लैप्रोस्कोपी सर्जरी के लिए प्रशिक्षित और अनुभवी सर्जन अस्पताल में पहले से उपलब्ध हैं। मशीन के इंस्टॉलेशन के बाद अब नियमित रूप से अपेंडिक्स, हर्निया, पित्त की पथरी और गर्भाशय के ट्यूमर जैसी बीमारियों की सर्जरी की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि इस तकनीक से मरीजों को बड़े चीरे वाली ओपन सर्जरी से बचाया जा सकेगा और वे कम समय में सामान्य जीवन में लौट सकेंगे।

डॉ. मंडल ने यह भी बताया कि अस्पताल में पहले ही सिटी स्कैन सुविधा और बेड की संख्या में वृद्धि की जा चुकी है। आने वाले समय में डायलिसिस, ईएनटी और स्त्री रोग विभागों के आधुनिकीकरण की योजनाएं भी प्रक्रिया में हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि चरणबद्ध तरीके से अस्पताल को एक आधुनिक चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

लैप्रोस्कोपी यूनिट की शुरुआत से दुर्गापुर और आसपास के इलाकों के हजारों मरीजों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। यह पहल न केवल सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाएगी, बल्कि आम जनता के लिए सुलभ, सुरक्षित और आधुनिक इलाज का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।

Leave a Comment

Leave a Comment

What does "money" mean to you?
  • Add your answer

Share Market

Also Read This

Gold & Silver Price

Our Visitor

0 3 5 3 0 7
Users Today : 14
Users Yesterday : 39