आसनसोल : ऋण की अदायगी न किए जाने के मामले में सोमवार को बैंक प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए आसनसोल के एक आटा मिल पर कब्जा कर लिया। यह कार्रवाई बैंक के नियमों और कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई। जानकारी के अनुसार यह मामला लंबे समय से लंबित एक बैंक ऋण से जुड़ा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई Indian Bank की अपकार गार्डन्स शाखा से जुड़े एक पुराने ऋण के मामले में की गई। बैंक सूत्रों ने बताया कि गौरांडी इलाके में स्थित ‘आइडियल फूड प्रोडक्ट्स’ नामक आटा मिल के मालिक स्नेहाशीष सुर ने बैंक से व्यावसायिक उद्देश्य के लिए ऋण लिया था। निर्धारित समय में ऋण की अदायगी नहीं होने के कारण वर्ष 2011 में ही उनके खाते को गैर-निष्पादित परिसंपत्ति यानी एनपीए घोषित कर दिया गया था।
बैंक अधिकारियों के अनुसार समय-समय पर ऋण चुकाने के लिए उधारकर्ता को कई अवसर दिए गए थे, लेकिन बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया। धीरे-धीरे यह बकाया बढ़कर लगभग 32 लाख रुपये तक पहुंच गया। इसके बाद बैंक ने नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
इसी प्रक्रिया के तहत सोमवार को बैंक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और आटा मिल पर भौतिक कब्जा ले लिया। इस कार्रवाई के दौरान बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और पूरी प्रक्रिया को नियमों के अनुरूप पूरा किया गया।
बैंक की ओर से बताया गया कि यह कार्रवाई जोनल स्तर के अधिकारियों के निर्देश पर की गई। इस दौरान बैंक के मुख्य प्रबंधक प्रवीण कुमार, अपकार गार्डन्स शाखा के मुख्य प्रबंधक बिकास बरनवाल, रिकवरी एजेंट राजीव बनर्जी, अधिवक्ता संग्राम सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद थे।
बैंक प्रशासन का कहना है कि ऋण वसूली के लिए सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया गया है। लंबे समय तक भुगतान न होने के कारण अंततः संपत्ति को कब्जे में लेने का निर्णय लिया गया। बैंक ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

















Users Today : 10
Users Yesterday : 54