
दुर्गापुर : रविवार को कोक ओवन थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए चार महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 37 किलो 650 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय था और इसकी कमान महिलाओं के हाथ में थी, ताकि संदेह से बचा जा सके।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ओडिशा के पलांकी क्षेत्र से गांजा लेकर झारखंड के धनबाद पहुंचे थे और वहां से रेल मार्ग द्वारा दुर्गापुर रेलवे स्टेशन आए। वहां से वे बस पकड़कर अन्य गंतव्य तक गांजा ले जाने की फिराक में थे। इसी बीच कोक ओवन थाना की पुलिस ने बस स्टैंड पर घेराबंदी कर इन्हें धर दबोचा।

तस्करों ने गांजा को ट्रॉली बैग व कपड़ों के बीच छिपा रखा था, ताकि आम यात्रियों की तरह वे बिना किसी संदेह के सफर कर सकें। लेकिन पुलिस की सतर्क निगाहों से वे बच नहीं पाए। गिरफ्तार सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के निवासी हैं और संदेह है कि वे पहले भी इस प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।

इस पूरे मामले में दुर्गापुर पुलिस ने गहन पूछताछ के लिए आज आरोपियों को आसनसोल जिला न्यायालय में पेश किया। अदालत में पुलिस ने सात दिन की हिरासत की मांग की, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सहयोगियों, आपूर्ति श्रृंखला और ठिकानों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सके।

पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क बिहार, झारखंड और बंगाल में फैला हुआ है और इसमें महिलाओं की भूमिका काफी अहम रही है, जिससे तस्करी को सामाजिक संदेह से बचाया जा सके। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य संभावित ठिकानों पर छापेमारी की योजना तैयार की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद दुर्गापुर सहित आसपास के इलाकों में गांजा तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस सतर्कता और सटीक कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए कहा है कि इस तरह के संगठित अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि समाज को नशे के खतरे से बचाया जा सके।
पुलिस की तत्परता से गांजा गिरोह बेनकाब, जांच तेज़।














Users Today : 22
Users Yesterday : 23