जामुड़िया : शनिवार को जामुड़िया थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। चुरुलिया पुलिस फांड़ी अंतर्गत हिजलगड़ा इलाके में किराए के मकान में रहने वाले बैद्यनाथ पात्र नामक युवक पर अपनी पत्नी रेणुका दास की हत्या कर एक वर्षीय बेटे के साथ फरार होने का गंभीर आरोप लगा है।जानकारी के अनुसार, बैद्यनाथ पिछले दो वर्षों से जामुड़िया स्थित सैमसेल कारखाने में कार्यरत था और हिजलगड़ा में किराए के मकान में पत्नी व बेटे के साथ रह रहा था। हर महीने की तरह इस माह भी 15 तारीख को उसने मकान मालिक को किराया दिया और अपने बेटे को लेकर साइकिल से निकल गया। किंतु उसकी पत्नी साथ नहीं थी, जिससे मकान मालिक को संदेह हुआ। जब देर रात तक रेणुका दास के न लौटने पर मकान मालिक को शक और गहरा हुआ तो उसने तुरंत केंदा पुलिस फांड़ी को सूचना दी।सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मकान का ताला तोड़ा। अंदर प्रवेश करने पर खटिया के नीचे से चादर में लिपटा हुआ शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान 22 वर्षीय रेणुका दास के रूप में हुई। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और स्थानीय लोगों का मानना है कि पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद इस हत्या की वजह हो सकती है।
बताया जाता है कि मृतका रेणुका दक्षिण 24 परगना जिले के रायदिघी थाना क्षेत्र के नंदकुमारपुर गांव की निवासी थी। प्रेम संबंध के बाद उसने बैद्यनाथ से शादी की थी और दोनों जामुड़िया में किराए के मकान में रह रहे थे। पड़ोसियों ने भी पुष्टि की कि दंपति के बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे। संभावना जताई जा रही है कि किसी विवाद के बाद बैद्यनाथ ने गुस्से में आकर पत्नी की हत्या की और बेटे को लेकर फरार हो गया।घटना की खबर मिलते ही देर रात जामुड़िया पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस टीम बैद्यनाथ की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह हत्या का मामला है या इसके पीछे कोई और कारण छिपा है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच से स्पष्ट होगा। फिलहाल पति की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है।



















Users Today : 1
Users Yesterday : 30