सालानपुर : शनिवार को पश्चिम बर्दवान जिले के झारखंड सीमा से सटे रूपनारायणपुर क्षेत्र में पुलिस प्रशासन ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। सालानपुर थाना प्रभारी अमित हाटी और रूपनारायणपुर फाड़ी इंचार्ज अरुणाभ भट्टाचार्य के नेतृत्व में पुलिस बल ने इलाके में जोरदार मादकविरोधी जागरूकता रैली निकाली।
यह रैली डाबर मोड़ से शुरू होकर युथ क्लब प्रांगण तक निकाली गई। पोस्टर और बैनर लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, क्लब सदस्य और स्कूली छात्र-छात्राएँ इसमें शामिल हुए। पूरे रास्ते में युवाओं ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “मादक पदार्थ देश के दुश्मन” और “युवा जागो, नशा भागो” जैसे नारे लगाए, जिससे पूरे क्षेत्र में माहौल जागरूकता से गूंज उठा।
रैली के बाद डाबर मोड़ पर आयोजित सड़क सभा में थाना प्रभारी अमित हाटी ने कहा कि नशे की लत ने समाज को अंदर से खोखला कर दिया है। उन्होंने कहा, “आज युवा पीढ़ी मादक पदार्थों की चपेट में आकर अपनी जिंदगी और परिवार दोनों को संकट में डाल रही है। अब समय आ गया है कि हर वर्ग मिलकर नशे के खिलाफ संघर्ष करे।”
फाड़ी इंचार्ज अरुणाभ भट्टाचार्य ने भी लोगों से अपील करते हुए कहा कि नशे का कारोबार करने वालों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस हर समय सतर्क है और मादक पदार्थों की तस्करी व कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई कर रही है।
स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि रूपनारायणपुर और आसपास के इलाके झारखंड सीमा से सटे होने के कारण अक्सर मादक पदार्थों की तस्करी का शिकार होते हैं। नशे का प्रसार यहाँ के युवाओं को गुमराह कर रहा है। ऐसे में पुलिस का यह कदम सराहनीय और समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि केवल कानून का डर नशे को नहीं रोक सकता, बल्कि समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। लोगों के सहयोग और जागरूकता से ही नशामुक्त समाज का सपना साकार हो सकेगा।



















Users Today : 1
Users Yesterday : 30