चलती बस में अचानक आग, यात्रियों की जान बाल-बाल बची

Facebook
Twitter
WhatsApp

WhatsApp Image 2024 07 12 at 13.27.59

मुर्शिदाबाद :  मंगलवार को सागरदिघी थाने के अंतर्गत मोरग्राम स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 12 पर एक बड़ा हादसा टल गया। बहरमपुर से रघुनाथगंज की ओर जा रही यात्रियों से भरी सरकारी बस में अचानक आग लग गई। बस जैसे ही दोहार मोड़ के पास पहुंची, इंजन से धुआं निकलने लगा। यह देखते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग चीखने-चिल्लाने लगे। खतरे को भांपते हुए चालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक की सूझबूझ और यात्रियों की तत्परता से सभी लोग सुरक्षित बस से बाहर निकलने में सफल रहे। हालांकि, बस रुकते ही आग की लपटें तेजी से फैल गईं और कुछ ही देर में पूरी बस धू-धूकर जल उठी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बस पूरी तरह राख हो चुकी थी।

IMG 20250511 WA0050

अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि आग बस के इंजन में आई यांत्रिक खराबी के कारण लगी। अचानक काला धुआं निकलने पर यात्री घबरा गए और समय रहते उन्हें बाहर निकाल लिया गया। जंगीपुर के पुलिस अधीक्षक अमित साव ने पुष्टि की कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ। हालांकि, बस पूरी तरह से नष्ट हो गई।

यात्रियों में से सुखचंद शेख ने बताया कि वह औरंगाबाद जा रहा था। आग लगने की अफरा-तफरी में वह तो सुरक्षित निकल आया लेकिन उसका बैग जिसमें कई महत्वपूर्ण दस्तावेज थे, बस में ही छूट गया। वह सब जलकर राख हो गया। वहीं, स्थानीय निवासी बिजन दास ने कहा कि जैसे ही बस रुकी, अधिकांश यात्री तुरंत नीचे उतर गए, लेकिन कुछ बुजुर्गों को लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।

IMG 20240918 WA0025

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर चालक ने समय पर बस नहीं रोकी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना से यात्रियों में भय का माहौल है। पुलिस ने बताया कि बस में आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर से राज्य परिवहन की बसों की तकनीकी जांच व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों ने मांग की है कि सरकारी बसों का नियमित रखरखाव और समय-समय पर जांच सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।

Leave a Comment

Leave a Comment

What does "money" mean to you?
  • Add your answer

Share Market

Also Read This

Gold & Silver Price

Our Visitor

0 3 5 6 2 2
Users Today : 0
Users Yesterday : 30