
अंडाल : बुधवार को अंडाल के बांकोल क्षेत्र स्थित श्यामसुंदरपुर कोलियरी में एक दर्दनाक हादसे ने सबको झकझोर दिया। निजी कंपनी जेनवेल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित 3 नंबर पीट में रात्रि पाली के दौरान अचानक पानी भरने से खदान में काम कर रहे पांच श्रमिकों की जान पर बन आई। इस हादसे में धनबाद निवासी श्रमिक विवेक कुमार माझी (25) की मौत हो गई, जबकि चार अन्य श्रमिकों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सूत्रों के अनुसार, मंगलवार की रात पांचों श्रमिक खदान में कोयला काटने उतरे थे। तभी सिम के पीछे जमा पानी अचानक रिसने लगा और तेज़ी से खदान में भर गया। देखते ही देखते पानी का बहाव इतना तेज़ हो गया कि विवेक कुमार बहाव में फंस गए और उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बाकी चार श्रमिकों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। उन्हें हल्की चोटें आई हैं और प्राथमिक इलाज के लिए श्यामसुंदरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

स्थानीय लोग
स्थानीय लोगों और श्रमिकों का आरोप है कि यह पूरी तरह प्रबंधन की लापरवाही का परिणाम है।श्रमिक नेता सौमिक मजूमदार ने कहा कि खदान में पहले से ही पानी जमा था और इसके बावजूद सुरक्षा उपायों को ताक पर रखकर काम कराया जा रहा था। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कोलियरियों को निजी कंपनियों को सौंपने से इस तरह की घटनाएँ बढ़ रही हैं। निजी कंपनियां केवल मुनाफे पर ध्यान देती हैं और श्रमिकों की सुरक्षा को गंभीरता से नहीं लेतीं।
इस हादसे के बाद खदान में खनन कार्य तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। कंपनी प्रबंधन की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन श्रमिक संगठनों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और आश्रित को नौकरी देने की मांग उठाई है।

गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। मृतक विवेक कुमार माझी का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। वे लगातार प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए खदान की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।














Users Today : 30
Users Yesterday : 30