
आसनसोल : बुधवार का दिन आसनसोल और पूरे बंगाल के लिए गौरवशाली साबित हुआ। नॉर्थ प्वाइंट स्कूल के मेधावी छात्र कल्याण चट्टोपाध्याय ने NEET 2025 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर नया कीर्तिमान रच दिया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन और सर्वोच्च अंक
कक्षा 12 (बैच 2024) के कल्याण ने 720 में से 686 अंक अर्जित किए और 99.9999547 पर्सेंटाइल हासिल कर देश का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि के साथ ही AIIMS दिल्ली में उनका दाखिला पक्का हो गया।

शहर और स्कूल में जश्न का माहौल
जैसे ही रिजल्ट घोषित हुआ, पूरे आसनसोल शहर और नॉर्थ प्वाइंट स्कूल में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई। स्कूल के संस्थापक व चेयरमैन सचिंद्र नाथ रॉय, सह-निदेशक मीता रॉय और प्रिंसिपल राजीव शॉ ने कल्याण को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल स्कूल बल्कि पूरे पश्चिम बंगाल और भारत के लिए गौरव की बात है।
प्रधानाचार्य की प्रतिक्रिया
प्रधानाचार्य राजीव साव ने भावुक होकर कहा “कल्याण ने अनुशासन, मेहनत और धैर्य के बल पर यह सफलता पाई है। इस उपलब्धि में उनके शिक्षकों की निष्ठा और अभिभावकों का सहयोग भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का एक नया मानक स्थापित किया है।”
कल्याण का आभार और लक्ष्य
अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कल्याण ने कहा –
“मेरे माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों का सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। मेरा सपना है कि मैं समाज की सेवा करूं और भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र में सार्थक योगदान दूं।”

नई पहचान मिली आसनसोल को
कल्याण की इस अभूतपूर्व सफलता ने नॉर्थ प्वाइंट स्कूल को राष्ट्रीय शैक्षणिक मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाई है। स्कूल प्रबंधन ने घोषणा की कि जल्द ही उनके सम्मान में एक विशेष Felicitation Ceremony का आयोजन किया जाएगा।
स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया
आसनसोल के लोगों का कहना है कि कल्याण की यह उपलब्धि आने वाले समय में शहर को शिक्षा और मेधा की नई राजधानी बना सकती है। बच्चों और युवाओं को यह संदेश मिला है कि लगन और परिश्रम से हर सपना साकार हो सकता है। कल्याण की सफलता ने बुधवार को आसनसोल को पूरे देश में गर्व से सिर उठाने का अवसर दिया।














Users Today : 30
Users Yesterday : 30