
कुल्टी : कुल्टी थाना अंतर्गत नियामतपुर पुलिस फांड़ी क्षेत्र स्थित आमंत्रण भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इंडियन कल्चर डांस स्टूडियो के संस्थापक सुनील पांडे आनंद ने घोषणा की कि आगामी 11 और 12 अक्टूबर को आसनसोल के रवींद्र भवन में दो दिवसीय एक्सप्लोसिव डांस कॉम्पटीशन सीजन-2 का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित सीजन-1 को अपार सफलता मिली थी, जिसमें पश्चिम बंगाल ही नहीं बल्कि बिहार, झारखंड और अन्य राज्यों से आए प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था। वह क्षण पूरा शिल्पांचल आज भी याद करता है। इस बार का आयोजन और भी भव्य और यादगार बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
नामी डांसर होंगे जज
सुनील पांडे ने बताया कि प्रतियोगिता के सेमीफाइनल के लिए कोलकाता के मशहूर वेस्टर्न डांसर को जज के रूप में आमंत्रित किया गया है, वहीं फाइनल में चेन्नई के नामी वेस्टर्न डांसर रवि वर्मा और कोलकाता की लोकप्रिय क्लासिकल डांसर मंच पर निर्णायक की भूमिका निभाएंगी।
राहुल करेंगे होस्टिंग
कार्यक्रम की होस्टिंग के लिए पटना के मशहूर एंकर राहुल उर्फ इंसैन को बुलाया गया है, जिन्होंने कई राज्यों में बड़े कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किए हैं। सुनील का कहना है कि उनकी मौजूदगी से प्रतियोगिता में मनोरंजन का तड़का लगेगा और प्रतिभागियों व दर्शकों का उत्साह दोगुना होगा।

प्रतिभागियों को मिलेगा बड़ा पुरस्कार
संस्थापक ने बताया कि इस वर्ष प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले विजेताओं के लिए कुल 90 हजार रुपये नकद पुरस्कार निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त ट्रॉफी और गिफ्ट वाउचर भी प्रदान किए जाएंगे। सुनील ने कहा— “यह प्रयास सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि डांस की दुनिया में प्रतिभाओं को मंच और पहचान देने की एक पहल है।”

डांस सीखना उम्र का बंधन नहीं
डांसर सुनील पांडे आनंद ने कहा कि वे आसनसोल में बच्चों और बड़ों दोनों को डांस की शिक्षा देते हैं। उनके पास 40 से 50 वर्ष आयु वर्ग के भी कई छात्र हैं। उन्होंने कहा कि डांस एक ऐसी कला है जिसे सीखने और करने में उम्र कभी बाधा नहीं बनती।
स्थानीय लोगों से अपील
उन्होंने संवाददाता सम्मेलन के जरिए शिल्पांचलवासियों से आशीर्वाद और सहयोग की अपील की ताकि वह डांसर्स के सम्मान और प्रतिष्ठा को और ऊंचाई पर ले जा सकें।














Users Today : 29
Users Yesterday : 30