
आसनसोल : आसनसोल के किशोर निशानेबाज अभिनव साव ने एक बार फिर पूरे देश को गौरवान्वित किया है। कज़ाकिस्तान के श्यामकेंट में आयोजित 16वीं एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। अभिनव ने 10 मीटर एयर राइफल जूनियर वर्ग की व्यक्तिगत और टीम दोनों श्रेणियों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए।व्यक्तिगत वर्ग के फाइनल में उन्होंने रोमांचक मुकाबले में दक्षिण कोरिया के हुन सियो ली को मात दी। अंतिम अंक बेहद नजदीकी रहे, जहाँ अभिनव ने 250.4 अंक प्राप्त कर 250.3 अंक हासिल करने वाले कोरियाई निशानेबाज को हराया।

वहीं टीम स्पर्धा में भारत की तिकड़ी—अभिनव साव, सुरेश वनिता और हिमांशु—ने शक्तिशाली चीन की टीम को पराजित कर स्वर्ण हासिल किया। भारत ने 1890.1 अंक बनाए जबकि चीन 1885.1 अंकों पर सिमट गया।अभिनव की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बधाई दी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा—“हमारे आसनसोल के बेटे अभिनव साव ने बंगाल का नाम रोशन किया है। उन्हें और उनके परिवार को ढेर सारी शुभकामनाएँ। भविष्य में और अधिक सफलता की कामना करती हूँ।”राज्य मंत्री मलय घटक, सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, आसनसोल महानगर पालिका के मेयर विधान उपाध्याय और आसनसोल राइफल क्लब के प्रमुख वीरेंद्र धल ने भी अभिनव को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

स्वर्ण पदक जीतने के बाद अपनी भावनाएँ साझा करते हुए अभिनव ने कहा—“क्वालिफिकेशन राउंड मेरे लिए अच्छा नहीं रहा। मैंने फाइनल में अपनी पूरी ऊर्जा झोंक दी। आखिरी राउंड तक पीछे रहने के बावजूद मैंने उम्मीद नहीं छोड़ी और अंततः जीत हासिल की। यह मेरे लिए अविस्मरणीय पल है।”गौरतलब है कि आसनसोल का यह युवा खिलाड़ी अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में एक दर्जन से अधिक पदक जीत चुका है। परंतु इस बार का स्वर्ण पदक उसके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। अभिनव की इस जीत से न केवल आसनसोल बल्कि पूरे बंगाल में खुशी और गर्व का माहौल है।














Users Today : 28
Users Yesterday : 30