
अंडाल : रविवार को अंडाल साउथ बाजार के रॉयल्टी मोड़ स्थित नजीराबाग में किन्नर समाज की बैठक हुई, जिसमें हाल ही में रानीगंज में हुए विवाद को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ कड़ा आक्रोश व्यक्त किया गया। बैठक में जिले भर के किन्नरों ने हिस्सा लिया और आंदोलन की रणनीति तैयार की।

जीविका छिनने का आरोप
किन्नर समाज की प्रतिनिधि उजाला तिवारी ने कहा कि उनका एकमात्र जीवनयापन का साधन शुभ अवसरों पर लोगों से आशीर्वाद स्वरूप मिलने वाली बधाई है। लेकिन कुछ लोग नकली किन्नर बनकर रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, टोल प्लाजा और बाजारों में लोगों से जबरन वसूली कर रहे हैं। इससे न केवल आम जनता परेशान होती है, बल्कि असली किन्नरों की बदनामी भी होती है।

रानीगंज विवाद पर उठाए सवाल
उन्होंने आरोप लगाया कि रानीगंज में मनोज डोम नामक व्यक्ति नकली किन्नर बनकर अवैध वसूली करता है। 13 अगस्त को असली किन्नर समाज ने जब इसका विरोध और पर्दाफाश करने की कोशिश की तो मनोज डोम के समर्थकों ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान तीन सोने की चेन, एक सोने की बाली और एक कीमती एप्पल मोबाइल छीन लिया गया।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
किन्नर समाज का कहना है कि घटना की लिखित शिकायत रानीगंज थाना में दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उजाला तिवारी ने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर आरोपी पर सख्त कदम नहीं उठाया गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।

महागुरु के नेतृत्व में आंदोलन की तैयारी
बैठक में किन्नर समाज की महागुरु समेत सभी वरिष्ठ किन्नर मौजूद थे। उन्होंने एक सुर में कहा कि नकली किन्नरों की गतिविधियां असली किन्नरों के जीवन पर संकट खड़ा कर रही हैं। पुलिस की चुप्पी इस समस्या को और गंभीर बना रही है। किन्नर समाज ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया और उनके लूटे गए सामान वापस नहीं मिले, तो वे सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध करेंगे।














Users Today : 28
Users Yesterday : 30