
सालानपुर : मंगलवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दक्षिण बंगाल के 14 जिलों में कुल 7,033 पट्टा दस्तावेजों का वर्चुअल वितरण किया। इसी कड़ी में पूर्व और पश्चिम बर्दवान जिलों के कई विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया गया। इनमें आसनसोल में दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट का नया भवन और जिलाधिकारी का नया कार्यालय विशेष रूप से शामिल हैं।

इस अवसर पर पश्चिम बर्दवान के सालानपुर प्रखंड में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रूपनारायणपुर स्थित नंदनीक सभागार में मुख्यमंत्री के वर्चुअल कार्यक्रम का सीधा प्रसारण हुआ। यहां बाराबनी विधायक व आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय ने स्वयं उपस्थित होकर 52 लाभार्थियों को पट्टा दस्तावेज सौंपे।

कार्यक्रम में सालानपुर प्रखंड के बीडीओ देबांजन विश्वास, जिला परिषद के कार्यकारी निदेशक मोहम्मद अरमान, सालानपुर पंचायत समिति उपाध्यक्ष विद्युत मिश्रा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने इसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए राज्य सरकार की पहल की सराहना की।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पूर्व बर्दवान से वर्चुअल संबोधन में कहा कि पट्टा वितरण आम लोगों को ज़मीन का मालिकाना हक़ दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार का लक्ष्य है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने साथ ही प्रशासनिक ढाँचे के विस्तार और सुदृढ़ीकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आसनसोल-दुर्गापुर क्षेत्र में नए भवनों के निर्माण से प्रशासनिक कार्यों में और तेजी आएगी तथा जनता को सेवाएं अधिक सुलभ होंगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पहल से न सिर्फ़ उन्हें ज़मीन पर स्थायी अधिकार मिला है, बल्कि भविष्य की सुरक्षा भी सुनिश्चित हुई है। वहीं विकास परियोजनाओं के उद्घाटन से क्षेत्र में रोजगार और आधारभूत संरचना को नया बल मिलेगा।
लोगों ने विश्वास जताया कि इस तरह के कदमों से उनके जीवन स्तर में सुधार होगा और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों के बीच विकास की खाई कम होगी।














Users Today : 24
Users Yesterday : 30