जामुड़िया : शुक्रवार को जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के चिचुरिया पंचायत अंतर्गत बागडीहा गांव में गुरुवार शाम घटी एक चमत्कारी घटना ने पूरे इलाके को भक्ति और आस्था से सराबोर कर दिया। अजॉय नदी के तट पर अचानक भगवान शिव का शिवलिंग मिलने की खबर जैसे ही फैली, देखते ही देखते हजारों लोग दर्शन हेतु बागडीहा हाई स्कूलपाड़ा इलाके की ओर उमड़ पड़े।
ग्रामीणों के अनुसार, स्थानीय निवासी उदय बाउरी और उनके मित्र रोज की तरह नदी में स्नान करने गए थे। तभी उन्हें नदी किनारे एक बड़ा शिलाखंड दिखाई दिया। पहले तो उन्होंने उसे साधारण पत्थर समझा, लेकिन नजदीक जाकर देखने पर पाया कि वह शिवलिंग है। इसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर शिवलिंग को बाहर निकाला और गांव में स्थापित किया। उसी दिन से शिवलिंग की पूजा-अर्चना भी शुरू कर दी गई।
उदय बाउरी ने बताया – “जब हमने पत्थर उठाया तो विश्वास नहीं हुआ कि यह साधारण शिला नहीं बल्कि स्वयंभू शिवलिंग है। हम गांव में इसे भव्य रूप से स्थापित करेंगे।” वहीं, ग्रामीण यादव पाल ने कहा – “यह गांव के लिए चमत्कार है। यदि प्रशासन और जनप्रतिनिधि सहयोग करें तो यहां स्थायी मंदिर बनाकर शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा की जानी चाहिए।”
गांव में इस घटना के बाद से मेला जैसा माहौल हो गया है। आस-पास के गांवों से भी लोग दर्शन के लिए लगातार आ रहे हैं। श्रद्धालु जल, बेलपत्र और दूध चढ़ाकर पूजा कर रहे हैं। बुजुर्ग इसे अलौकिक घटना मान रहे हैं, वहीं युवा वर्ग सोशल मीडिया पर वीडियो और तस्वीरें साझा कर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि यहां स्थायी मंदिर का निर्माण होता है, तो यह स्थल श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ा तीर्थ बन सकता है। उनका मानना है कि मंदिर निर्माण से न केवल धार्मिक महत्त्व बढ़ेगा बल्कि गांव का सामाजिक और सांस्कृतिक विकास भी होगा।
गांव की महिलाओं ने भी शिवलिंग के प्रकट होने को शुभ संकेत बताया। उनका कहना है कि इस शिवलिंग की पूजा से गांव में सुख-शांति और समृद्धि आएगी। श्रद्धालु विशेषकर सावन और महाशिवरात्रि पर यहां बड़ी संख्या में जुट सकते हैं।
प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से ग्रामीणों ने मांग की है कि इस स्थान को संरक्षित कर यहां मंदिर निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाए जाएं। ग्रामीणों का विश्वास है कि यह स्थान जल्द ही एक महत्वपूर्ण धार्मिक केंद्र बन सकता है।

















Users Today : 17
Users Yesterday : 30