
आसनसोल : कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर सुबह अचानक गोलियों की आवाज़ से दहल उठा। आसनसोल नगर निगम के कुल्टी बरो कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी जावेद रहमान की अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में भारी दहशत फैल गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब पुलिस के हाथ में है और जांच को नई दिशा देने में अहम साबित हो सकता है।
घटना सुबह लगभग साढ़े दस बजे की बताई जा रही है। जावेद रहमान, जो रहमान पाड़ा के निवासी थे, अपने घर से दफ्तर जाने के लिए निकले ही थे कि अचानक बाइक पर आए दो हमलावरों ने उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। हमलावरों ने लगातार कई राउंड फायर किए, जिससे जावेद लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोग उन्हें तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले गए। वहां से हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन चिकित्सकों ने जावेद को मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों और स्थानीय सूत्रों का कहना है कि जावेद पिछले कुछ समय से जमीन विवाद को लेकर दबाव झेल रहे थे। पुलिस को भी शक है कि इसी विवाद के चलते उन पर हमला किया गया है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुँचना जल्दबाज़ी होगी और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है। उसमें साफ दिख रहा है कि दोनों हमलावर हेलमेट पहने हुए थे और घटना को अंजाम देने के बाद तेज रफ्तार में बाइक पर भाग निकले। फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर अपराधियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
इस घटना के बाद इलाके में गुस्सा और भय दोनों का माहौल है। जावेद रहमान की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और पुलिस से अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। नगर निगम कार्यालय में भी शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों ने बताया कि जावेद एक मिलनसार और ईमानदार व्यक्ति थे, जिनकी असामयिक मौत ने सभी को झकझोर दिया है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि नियामतपुर क्षेत्र में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और आम जनता असुरक्षा का अनुभव कर रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अपराधियों पर कठोर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी वारदातें न हों।
फिलहाल पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि चाहे जमीन विवाद हो या कोई अन्य कारण, अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।














Users Today : 17
Users Yesterday : 30