आसनसोल : कुल्टी थाना क्षेत्र स्थित दामोदर नदी में शनिवार को हुई दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को शोक में डूबो दिया। नदी में डूबे दो छात्रों के शव रविवार सुबह बरामद कर लिए गए। यह हादसा डिसरगढ़ दरगाह शरीफ के पीछे घटित हुआ था। मृतक छात्रों की पहचान तनवीर आलम (रेलपार, आसनसोल) और मोहम्मद रकीब (बरनपुर) के रूप में हुई है। दोनों अशरफिया मदरसा, रहमतनगर, बरनपुर के छात्र थे और उनकी उम्र महज 14 से 15 वर्ष थी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह मदरसा के सात छात्र गुपचुप तरीके से डिसरगढ़ दरगाह शरीफ पहुंचे। दोपहर में, तनवीर और रकीब अपने दोस्तों के साथ दामोदर नदी के घाट पर नहाने लगे। अचानक दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद पांच छात्रों ने चीख-पुकार मचाई, जिससे आस-पास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने छात्रों को पहले ही उस स्थान पर नहाने से मना किया था, लेकिन उनकी चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कुल्टी पुलिस, शाकतोड़िया चौकी पुलिस और राज्य आपदा प्रबंधन की विशेष टीम मौके पर पहुंची। शनिवार शाम तक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। आखिरकार रविवार सुबह बचाव टीम ने अभियान दोबारा शुरू किया और दोनों छात्रों के शव नदी से बाहर निकाले।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार मामला हादसा ही प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर गौर कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया। मृतक छात्रों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि डिसरगढ़ घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

















Users Today : 32
Users Yesterday : 35