आसनसोल : सलानपुर थाना अंतर्गत कल्याणेश्वरी फाड़ी क्षेत्र के हदला गांव में बुधवार सुबह पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की। इस अभियान में लगभग 800 लीटर एफ उवोसा (देशी व महुआ शराब बनाने का कच्चा माल), 20 एल्युमिनियम के बड़े बर्तन और करीब 50 लीटर तैयार महुआ शराब बरामद की गई। बरामदगी के साथ ही कई शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, हदला गांव और इसके आसपास के इलाकों में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा था। इस अवैध धंधे के कारण गांव में असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही थीं। स्थानीय लोगों ने कई बार शिकायत की, लेकिन बड़ी कार्रवाई पहली बार देखने को मिली। बुधवार को सलानपुर थाना पुलिस, कल्याणेश्वरी फाड़ी पुलिस और बाराबनी आबकारी विभाग की लगभग 20 सदस्यीय टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर इस गोरखधंधे पर शिकंजा कस दिया।
आरोपियों के फरार होने से नहीं हो सकी गिरफ्तारी
हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए, जिसके चलते किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस ने मौके से शराब बनाने के उपकरण और सामग्री जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द ही कानून के हवाले किया जाएगा।
ग्रामीणों ने जताई राहत और चिंता
इस अभियान के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। एक स्थानीय निवासी ने कहा, “हमारे गांव में वर्षों से अवैध शराब का धंधा चल रहा था। कई परिवार इसके कारण बरबाद हो गए। आज की कार्रवाई से हमें उम्मीद जगी है कि अब यह कारोबार बंद होगा।”वहीं, कुछ लोगों का मानना है कि जब तक पुलिस और आबकारी विभाग नियमित गश्त नहीं करेंगे और लगातार छापेमारी जारी नहीं रखेंगे, तब तक इस अवैध धंधे पर पूरी तरह से लगाम लगाना मुश्किल होगा।
अधिकारियों का बयान
आबकारी विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “हम पूरी तरह से अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस बार बरामदगी बड़ी है, और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”पुलिस अधिकारियों ने भी आश्वासन दिया है कि इलाके में निगरानी और गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की अवैध गतिविधियां पनप न सकें।
गांववासियों को उम्मीद है कि इस अभियान के बाद क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम होगा। लंबे समय से जिस अपराध और असामाजिक गतिविधियों ने गांव को अपनी चपेट में ले रखा था, उस पर अब अंकुश लगेगा। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस-आबकारी विभाग इसी तरह सख्ती दिखाता रहा, तो हदला गांव और आसपास के क्षेत्र को अवैध शराब के अभिशाप से जल्द ही मुक्ति मिल जाएगी।

















Users Today : 27
Users Yesterday : 35