आसनसोल : पश्चिम बंगाल विधानसभा में भाजपा नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को बर्नपुर के त्रिवेणी मैदान में भव्य जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर शुभेंदु अधिकारी के साथ कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉक्टर अजय पोद्दार, वरिष्ठ भाजपा नेता, पांडवेश्वर के पूर्व विधायक जितेंद्र तिवारी, कृष्णेंदू मुखर्जी, जिला भाजपा अध्यक्ष देव तनु भट्टाचार्य सहित क्षेत्र के अनेक भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।
जनसभा में शुभेंदु अधिकारी ने सबसे पहले सेल आईएसपी के आधुनिकीकरण पर अपनी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस योजना के तहत हजारों करोड़ रुपये खर्च कर रही है। लेकिन उन्हें जानकारी मिली है कि इस प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और मिलीभगत का खेल चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सेल आईएसपी में कार्य मिलने की प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शिता के खिलाफ हो रही है। उनका कहना था कि मंत्री मलय घटक और सेल आईएसपी में ठेकेदार संगठन के अध्यक्ष सैयद इम्तियाज की मिलीभगत से स्थानीय लोगों को वंचित किया जा रहा है।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा – “यहाँ केवल वही लोग कार्य प्राप्त कर रहे हैं, जिन्हें सैयद इम्तियाज मंजूरी देता है। कौन-सी कंपनी टेंडर डालती है या कौन कार्य प्राप्त करता है, यह पूरी सूची मलय घटक या अभिजीत घटक तय करते हैं। भाजपा इस भ्रष्टाचार को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। मैं इस मामले को आईएसपी के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष उठाऊँगा ताकि पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।”
इसके अलावा उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बालू और कोयला माफियाओं द्वारा टीएमसी नेताओं के साथ मिलीभगत कर पर्यावरण को भारी नुकसान पहुँचाया जा रहा है। उनका आरोप था कि स्थानीय पुलिस प्रशासन भी इन अवैध कार्यों में प्रत्यक्ष रूप से सहयोग कर रहा है, लेकिन राज्य प्रशासन इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
शुभेंदु अधिकारी ने मतदाता सूची की सघन जांच पर भी जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यह कार्य अवश्य होगा और कोई इसे रोक नहीं सकता। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कितनी भी कोशिश कर लें, मतदाता सूची की जांच पश्चिम बंगाल में लागू होगी। उन्होंने कहा – “टीएमसी और ममता बनर्जी लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही हैं। लेकिन यहाँ के नागरिक चाहे हिंदू हों या मुस्लिम, उन्हें किसी भी प्रकार का डर नहीं रखना चाहिए। भारत में किसी भी बांग्लादेशी या रोहिंग्या मुसलमान के लिए कोई जगह नहीं होगी।”
शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि भाजपा राज्य में भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति सजग रहें और गलत कार्यों के खिलाफ मुखर होकर विरोध करें।
जनसभा का वातावरण भव्य था। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम और भाजपा के समर्थन में जयकारे लगाते हुए कार्यक्रम का समर्थन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान शुभेंदु अधिकारी के शब्दों में जोश और आक्रोश का संचार था।

















Users Today : 27
Users Yesterday : 35