
आसनसोल : पवित्र मोहर्रम पर्व को लेकर आसनसोल दक्षिण थाना की ओर से सोमवार को एक शांति एवं समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के तत्वावधान में दक्षिण थाना परिसर में हुई, जिसमें थाना प्रभारी कौशिक कुंडू सहित कई पुलिस अधिकारी और क्षेत्र की विभिन्न मोहर्रम कमेटियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी मोहर्रम पर्व पर शांति, सौहार्द और प्रशासनिक समन्वय को सुनिश्चित करना था। पुलिस अधिकारियों ने कमेटियों को राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी और सभी आयोजनों को उन्हीं गाइडलाइनों के अंतर्गत सम्पन्न करने का अनुरोध किया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार के जुलूस के आयोजन से पूर्व प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

जुलूस का मार्ग, समय, प्रतिभागियों की अनुमानित संख्या और सुरक्षा इंतजामों की सूचना पूर्व में देनी होगी। साथ ही, यह भी स्पष्ट किया गया कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के उत्तेजक नारे, भड़काऊ भाषण या सांप्रदायिक रंग देने वाले कृत्य की अनुमति नहीं दी जाएगी।थाना प्रभारी कौशिक कुंडू ने कहा, “हमारा प्रयास है कि मोहर्रम का यह पर्व पूरी शांति, मर्यादा और श्रद्धा के साथ सम्पन्न हो।

इसके लिए पुलिस और आयोजकों के बीच आपसी समन्वय आवश्यक है।” उन्होंने यह भी बताया कि जुलूस वाले दिन भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।पुलिस अधिकारियों ने यह भी अनुरोध किया कि मोहर्रम कमेटियाँ अपने स्वयंसेवकों को विशेष रूप से प्रशिक्षित करें, ताकि वे जुलूस के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस की सहायता कर सकें।कमेटियों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ मोहर्रम आयोजन को शांतिपूर्ण बनाए रखेंगे।बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई और इसमें दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग से पर्व के सफल आयोजन की प्रतिबद्धता जताई।














Users Today : 5
Users Yesterday : 14