
कुल्टी : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर पर पैर रखकर वीडियो बनाना और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करना अब कुल्टी क्षेत्र में बड़ा राजनीतिक विवाद बन चुका है। मंगलवार को कुल्टी ब्लॉक तृणमूल युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इस घटना के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया और कुल्टी थाना का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति का कृत्य नहीं, बल्कि पूरे संगठन और राज्य सरकार की गरिमा पर हमला है।
इस विवाद की शुरुआत तब हुई जब एम. तंतूबाई नामक युवक ने ममता बनर्जी की तस्वीर पर पैर रखकर एक वीडियो बनाया और उसे फेसबुक पर अपलोड कर दिया। वीडियो के वायरल होते ही क्षेत्र में राजनीतिक हलचल मच गई। प्रारंभ में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, लेकिन बाद में उससे वीडियो डिलीट करवाकर उसे रिहा कर दिया गया। इसी के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आरोपी का स्वागत फूलों की माला पहनाकर किया और उसका वीडियो फिर से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

टीएमसी नेताओं ने जताई नाराजगी
तृणमूल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विमान दत्ता ने कहा कि आरोपी की यह हरकत न केवल शर्मनाक है, बल्कि पुनः धमकी देकर पार्टी कार्यकर्ताओं को डराने का प्रयास भी कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने ढिलाई दिखाई और बीजेपी आरोपी को खुला संरक्षण दे रही है।

पार्टी महासचिव दुलाल चक्रवर्ती का बयान
दुलाल चक्रवर्ती ने प्रेस से बातचीत में कहा, “यह केवल वीडियो या फोटो का मामला नहीं है, बल्कि मुख्यमंत्री और पार्टी की मर्यादा का घोर अपमान है। आरोपी पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए थी, लेकिन उसे छोड़ देना न्याय के साथ अन्याय है।” उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी इस मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रही है।
सोशल मीडिया और न्यायिक मोर्चे पर उतरी टीएमसी
अब तृणमूल कांग्रेस ने इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाने का फैसला किया है। सोशल मीडिया पर अभियान चलाने के साथ ही कानूनी कार्रवाई की भी योजना बनाई गई है। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के अपमान को किसी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।














Users Today : 5
Users Yesterday : 14