
आसनसोल : पश्चिम बर्दवान जिले के सालानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर चौकी पुलिस को हाल ही में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही घरों में चोरी की घटनाओं ने स्थानीय निवासियों में चिंता और भय का माहौल बना दिया था। इस मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की सहायता से गहन जांच शुरू की और मंगलवार को डाबरमोड़ इलाके से तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के जहानाबाद जिले के रहने वाले दयानंद कुमार भारती (39 वर्ष), सूरज कुमार (23 वर्ष) और अमरजीत पासवान के रूप में की गई है। इन तीनों पर रूपनारायणपुर इलाके में हुई कई चोरियों में संलिप्त होने का आरोप है।

पुलिस को शक था कि ये घटनाएं सुनियोजित तरीके से की जा रही हैं। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर ली गई और एक विशेष अभियान चलाकर डाबरमोड़ इलाके से इन्हें दबोच लिया गया। पूछताछ के दौरान तीनों ने कई घरों में चोरी की बात कबूल की है। पुलिस ने इनके पास से चोरी के कुछ सामान भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच जारी है।

बुधवार को तीनों आरोपियों को आसनसोल कोर्ट में पेश किया गया, जहां पुलिस ने अदालत से सात दिनों की हिरासत की मांग की है, ताकि आगे की जांच में अन्य चोरियों और संलिप्त लोगों की जानकारी प्राप्त की जा सके।पुलिस सूत्रों का कहना है कि इन आरोपियों के तार बिहार के अन्य अपराधियों से भी जुड़े हो सकते हैं और इस दिशा में विस्तृत जांच की जा रही है।
रूपनारायणपुर पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है। लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने आमजन को डरा रखा था। पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी और सीसीटीवी निगरानी को और मजबूत किया जाएगा ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।














Users Today : 5
Users Yesterday : 14