
आसनसोल : पश्चिम बंगाल सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत आसनसोल नगर निगम और आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (ADDA) में नेतृत्व परिवर्तन की अधिसूचना जारी की है। इसके अंतर्गत वर्ष 2014 बैच की आईएएस अधिकारी अदिति चौधरी को आसनसोल नगर निगम (AMC) का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें ADDA के सीईओ का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
अदिति चौधरी इससे पहले महिला एवं बाल विकास और सामाजिक कल्याण विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थीं। वे एक कुशल प्रशासक के साथ-साथ सशक्त महिला नेतृत्व का उदाहरण मानी जाती हैं।

पूर्व कमिश्नर राजू मिश्रा, जो अब तक AMC और ADDA दोनों पदों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, को अब उद्योग, वाणिज्य एवं उद्यम विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। उनके कार्यकाल में कई बुनियादी विकास कार्य पूरे हुए तथा ई-गवर्नेंस को भी गति मिली।
स्थानीय व्यापारिक और सामाजिक संगठनों ने अदिति चौधरी के आगमन का स्वागत किया है। एक स्थानीय व्यापारी नेता ने कहा, “अदिति मैडम के आने से उम्मीद है कि नगर निगम में पारदर्शिता बढ़ेगी और जनता की समस्याओं का समाधान शीघ्र होगा।”

जनता को अब नई कमिश्नर से अपेक्षा है कि वे स्वच्छ प्रशासन, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल सेवाओं में सुधार और सड़क, जल निकासी जैसी बुनियादी समस्याओं पर तेज़ी से काम करेंगी।
यह बदलाव केवल प्रशासनिक स्तर पर नहीं, बल्कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन और जनसहभागिता के दृष्टिकोण से भी अहम माना जा रहा है। देखना यह होगा कि अदिति चौधरी इस नई जिम्मेदारी को किस दक्षता से निभाकर जनता की उम्मीदों पर खरी उतरती हैं।














Users Today : 4
Users Yesterday : 14