
सलानपुर : पश्चिम बर्दवान जिले के सलानपुर ब्लॉक स्थित देंदुआ पंचायत अंतर्गत माइथन स्टील एंड पावर लिमिटेड (एमएसपीएल) में मंगलवार को एक भयावह औद्योगिक हादसा हो गया। तेज बारिश के दौरान भट्ठी संख्या-2 के पास बना करीब 30 फीट ऊंचा लोहे का शेड अचानक भरभरा कर गिर पड़ा, जिससे बिहार के गया निवासी संजय मंडल (उम्र लगभग 35 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों को तत्काल आसनसोल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक मजदूर की टांग कटने की भी खबर है। घटना ने न केवल मजदूरों में भय और आक्रोश पैदा कर दिया है, बल्कि फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खोल दी है।
बारिश के दौरान गिरा शेड, मजदूरों को नहीं मिला संभलने का मौका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार दोपहर जब जोरदार बारिश हो रही थी, तभी अचानक शेड गिर पड़ा। उस समय नीचे कई मजदूर कार्यरत थे। कुछ ही सेकंड में मलबे के नीचे दबने से मजदूरों को कोई भी संभलने का मौका नहीं मिला। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सहकर्मियों ने जान जोखिम में डालकर घायलों को बाहर निकाला।

हादसे के बाद फैक्ट्री के गेट पर आक्रोशित मजदूरों का प्रदर्शन
हादसे के बाद सैकड़ों मजदूरों ने फैक्ट्री गेट के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी फैक्ट्री प्रबंधन की आदत बन चुकी है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कई बार सुरक्षा संबंधी खामियों को लेकर शिकायत की गई, लेकिन सेफ्टी ऑफिसर और फैक्ट्री प्रबंधन ने कभी भी ध्यान नहीं दिया।एक मजदूर ने बताया कि “शेड का निर्माण तकनीकी रूप से बेहद कमजोर था। इसे जल्दबाजी में तैयार किया गया था और लोहे की क्वालिटी भी घटिया थी।”
पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा, प्रबंधन ने साधी चुप्पी
घटना की सूचना मिलते ही सलानपुर थाना प्रभारी अमित हाती, रूपनारायणपुर फाड़ी, एसीपी जावेद हुसैन और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लिया और आक्रोशित मजदूरों को शांत करने की कोशिश की। वहीं, फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान अब तक जारी नहीं किया गया है, जिससे संदेह और भी गहरा हो गया है।

औद्योगिक इकाइयों में दोहराई जा रही लापरवाही
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि औद्योगिक इकाइयों में मजदूरों की सुरक्षा केवल कागजों तक सीमित है। ऐसे हादसों में जान जाने के बाद ही प्रशासन और प्रबंधन हरकत में आता है, जो कि चिंता का विषय है।
मजदूरों की प्रमुख मांगें
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने प्रशासन से तीन प्रमुख मांगें की हैं:घटना की उच्चस्तरीय जांच की जाए।मृतक के परिजनों को मुआवजा और सरकारी सहायता प्रदान की जाए।फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों को तत्काल प्रभाव से सख्ती से लागू किया जाए।
प्रशासन ने दिया आश्वासन
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और मृतक परिवार को हर संभव सहायता दी जाएगी। वहीं, मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि सुरक्षा सुधार में लापरवाही हुई, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।














Users Today : 4
Users Yesterday : 14