
दुर्गापुर : दुर्गापुर में वन विभाग की सतर्कता के चलते एक बड़ा वन्यजीव तस्करी रैकेट पकड़ा गया। पटना से पूर्व बर्धमान ले जाए जा रहे दुर्लभ चंदन प्रजाति के 170 तोतों को बांसकोपा टोल प्लाजा के निकट गोपनीय सूचना के आधार पर जब्त किया गया। इस सिलसिले में पूर्व बर्धमान जिले के दो तस्करों, हन्नान शेख और कासिम खान को गिरफ्तार किया गया है। वन विभाग के दुर्गापुर क्षेत्र के अधिकारी सुदीप बंद्योपाध्याय के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। उनकी टीम ने रात में एक संदिग्ध चारपहिया वाहन को रोका, जिसकी डिक्की खोलने पर उसमें कई पिंजरों में कैद 170 तोते बरामद हुए।

अधिकारी ने बताया कि ये सभी पक्षी चंदन प्रजाति के तोते हैं, जो वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत संरक्षित श्रेणी में आते हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हन्नान शेख (सरैतिकर निवासी) और कासिम खान (दुबराज दीघी निवासी) के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि ये पक्षी पश्चिम बंगाल के बाजारों में ऊंची कीमत पर बेचे जाने वाले थे। हालांकि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच जारी है।

बचाए गए पक्षियों को कांकसा के देउल संरक्षित वन क्षेत्र में स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण में छोड़ दिया गया है। इस अभियान में शिवपुर बीट अधिकारी अनूप कुमार मंडल और अन्य वन कर्मचारी भी शामिल थे। वन अधिकारी सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा, “हमें गुप्त सूचना मिली थी, जिस पर तत्काल कार्रवाई की गई। इस तरह की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं, लेकिन हमारी टीम हर समय सतर्क है। हम यह भी पता लगा रहे हैं कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो नहीं है।”














Users Today : 14
Users Yesterday : 16