
आसनसोल : पश्चिम बर्दवान जिले के रानीगंज के मंगलपुर इलाके में 205 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित औद्योगिक पार्क को राज्य सरकार की मंजूरी मिलने के बाद स्थानीय व्यापारिक संगठनों में हर्ष का वातावरण है। मंगलवार को आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभूनाथ झा ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने औद्योगिक विकास की दिशा में एक दूरदर्शी कदम उठाते हुए रानीगंज में इस इंडस्ट्रियल पार्क को स्वीकृति प्रदान की है, जिससे न केवल क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि पश्चिम बर्दवान जिले की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय इस क्षेत्र के लिए एक वरदान साबित होगा।

चेंबर सचिव शंभूनाथ झा ने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा, “हम सभी जानते हैं कि आप पश्चिम बंगाल को हर दृष्टि से समृद्ध और विकसित देखना चाहती हैं। आपने अपने कार्यों से बार-बार यह साबित किया है कि राज्य की जनता की भलाई ही आपकी प्राथमिकता है। हम आपके साथ हैं और हर संभव सहयोग देने के लिए तत्पर हैं।”
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि बीते वर्षों में माकपा शासनकाल की गलत नीतियों के कारण इस अंचल में कई कारखाने बंद हो चुके हैं, जिससे औद्योगिक गतिविधियां ठप पड़ी थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि वे इन बंद पड़ी इकाइयों के पुनरुद्धार की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाएं।
चेंबर ऑफ कॉमर्स के अनुसार, आसनसोल, रानीगंज, दुर्गापुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में कुशल श्रमिक, संसाधन और पूर्ववर्ती औद्योगिक विरासत मौजूद है, जिसे सही दिशा देने पर यह इलाका राज्य का प्रमुख औद्योगिक केंद्र बन सकता है।

इस अवसर पर शंभूनाथ झा ने बताया कि आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को लेकर विस्तार से चर्चा करना चाहता है। उन्होंने यह भी आशा जताई कि मुख्यमंत्री भविष्य में भी इसी प्रकार पश्चिम बर्दवान जिले की उन्नति हेतु सकारात्मक और उन्नयनमूलक निर्णय लेती रहेंगी।
व्यापारिक संगठन की इस प्रतिक्रिया से यह स्पष्ट है कि सरकार की औद्योगिक नीतियों को स्थानीय स्तर पर समर्थन मिल रहा है और प्रशासन तथा उद्योग जगत के बीच संवाद एवं सहयोग की प्रक्रिया मजबूत हो रही है।














Users Today : 14
Users Yesterday : 16