
ईसीएल ने CSR के तहत ₹2.83 करोड़ से शुरू की परियोजना
आसनसोल : पश्चिम बर्धमान जिले के धादका क्षेत्र में युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार उन्मुख कौशल प्रशिक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत बहु-कौशल विकास संस्थान (MSDI) की स्थापना का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। मंगलवार को इस महत्वपूर्ण परियोजना को औपचारिक रूप से शुरू किया गया, जिसमें ईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री गुंजन कुमार सिन्हा तथा राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) के प्रतिनिधि की उपस्थिति में एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।इस संस्थान की स्थापना के लिए कुल ₹2.83 करोड़ की लागत निर्धारित की गई है, जिसमें भवन निर्माण, उपकरण और प्रशिक्षण सुविधाएं शामिल हैं। संस्थान में अगले दो वर्षों में 900 युवाओं और महिलाओं को व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा,

जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।प्रशिक्षण के क्षेत्र इस प्रकार हैं:लेखा सहायक (Accounts Assistant), रिटेल सेल्स एग्जीक्यूटिव,डोमेस्टिक डेटा एंट्री ऑपरेटर,कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव (नॉन-वॉयस),कमिस (फूड प्रोडक्शन) ; सभी पाठ्यक्रम राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचा (NSQF) के अनुरूप होंगे और सेक्टर स्किल काउंसिल (SSC) द्वारा प्रमाणित होंगे।प्रशिक्षण पूरा करने के बाद NSDC की ओर से नौकरी सहायता (Post-placement Job Assistance) भी प्रदान की जाएगी। यह पहल न केवल क्षेत्रीय युवाओं को नई दिशा प्रदान करेगी, बल्कि महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।इस अवसर पर श्री गुंजन कुमार सिन्हा ने संस्थान स्थल का दौरा किया और निर्माण कार्य की प्रगति का जायज़ा लिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता युक्त तरीके से पूर्ण किया जाए ताकि तय समय में संस्थान अपना कार्य शुरू कर सके।ईसीएल का यह सामाजिक उत्तरदायित्व प्रयास न केवल कोल क्षेत्र के प्रति उसकी जिम्मेदारी को दर्शाता है, बल्कि बेरोजगारी और कौशल की कमी से जूझ रहे युवाओं के लिए एक नई उम्मीद की किरण भी बनकर उभरा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और निवासियों ने ईसीएल की इस पहल की सराहना की है और विश्वास जताया है कि इससे क्षेत्र का सामाजिक-आर्थिक विकास नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा।














Users Today : 14
Users Yesterday : 16