
दुर्गापुर : राज्य में संभावित बाढ़ संकट को लेकर गुरुवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। दुर्गापुर दौरे से एक दिन पहले मुख्यमंत्री ने केंद्र पर आरोप लगाया कि डीवीसी (दामोदर वैली कॉरपोरेशन) द्वारा जलाशयों में पर्याप्त भंडारण क्षमता होते हुए भी पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे बंगाल के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन रही है।मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार को एक ईमेल के माध्यम से सख्त शब्दों में पत्र भेजा है।

इसमें लिखा गया है, “आप पानी छोड़ते हैं लेकिन बाढ़ पीड़ितों के लिए एक पैसा भी नहीं देते। शर्म नहीं आती? फिर वोट मांगने आ रहे हैं। झूठ बोलने के सिवाय कुछ नहीं आता।” यद्यपि पत्र में प्रधानमंत्री का नाम नहीं लिया गया, लेकिन संकेत स्पष्ट थे कि मुख्यमंत्री का निशाना नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार की ओर था।गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दुर्गापुर के नेहरू स्टेडियम में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करने आ रहे हैं। भाजपा की ओर से बताया गया है कि इस दौरान प्रधानमंत्री राज्य को कई केंद्रीय परियोजनाओं की सौगात देंगे। मगर, विपक्ष और आम जनता की निगाह इस बात पर टिकी है कि क्या प्रधानमंत्री बंगाल के बाढ़ पीड़ितों की कोई सुध लेंगे या नहीं।एक अन्य गंभीर मुद्दा दुर्गापुर बैराज से जुड़ा है। राज्य सरकार लंबे समय से आरोप लगा रही है कि केंद्र सरकार ने बैराज से गाद हटाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। परिणामस्वरूप बैराज की जल भंडारण क्षमता आधे से भी कम हो चुकी है।

इससे हर वर्ष जल प्रबंधन मुश्किल हो जाता है और बाढ़ की आशंका बढ़ जाती है।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रधानमंत्री के दौरे से पहले मुख्यमंत्री द्वारा इस तरह का हमला, न केवल बाढ़ प्रबंधन को लेकर चिंता का संकेत है, बल्कि आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर सियासी तेवर भी तेज कर रहा है। अब सभी की नजरें शुक्रवार की सभा पर टिकी हैं — क्या प्रधानमंत्री इन संवेदनशील मुद्दों पर कुछ कहेंगे या राजनीति का रूख बदल जाएगा?














Users Today : 14
Users Yesterday : 16