
कुल्टी : धार्मिक आस्था के केंद्र पंचमुखी बालाजी मंदिर में हुई चोरी की घटना से कुल्टी क्षेत्र के श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक स्तब्ध हैं। बीएनआर मोड़ स्थित इस मंदिर से अज्ञात चोर भगवान बालाजी का चांदी का मुकुट और शिव मंदिर में स्थापित नाग देवता के सिर पर लगा तांबे का मुकुट चुरा ले गए। यह शर्मनाक घटना दो दिन पूर्व घटित हुई, जिसकी जानकारी शुक्रवार को सामने आई।
वार्ड संख्या 64 के पार्षद प्रतिनिधि कृष्ण प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना सुबह उस समय उजागर हुई, जब मंदिर के पुजारी नियमित पूजा के लिए मंदिर पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर के गर्भगृह में भगवान बालाजी की मूर्ति से मुकुट गायब है और शिव मंदिर में नाग देवता की प्रतिमा से तांबे का मुकुट भी चोरी हो चुका है।सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मंदिर के ठीक सामने पार्षद कार्यालय स्थित है, बावजूद इसके चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही कुल्टी थाना प्रभारी कृष्णेंदु दत्ता ने तत्परता दिखाते हुए एक जांच अधिकारी की नियुक्ति की और तुरंत मंदिर परिसर में सुरक्षा हेतु दो सीसीटीवी कैमरे लगवाए। एक कैमरा मंदिर के मुख्य द्वार के सामने और दूसरा शिव मंदिर के भीतर स्थापित किया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में कुछ हद तक संतोष देखा गया।स्थानीय नागरिकों ने इस चोरी पर गहरा रोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि यह मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थल नहीं, बल्कि उनकी आस्था का प्रतीक है।

मंदिर में सालभर धार्मिक अनुष्ठान होते हैं और श्रद्धालु बड़ी संख्या में यहां दर्शन हेतु आते हैं। चोरों की यह हिम्मत कि उन्होंने मंदिर के भीतर शिवलिंग के पास जाकर नाग देवता से मुकुट चुराया, लोगों की भावना को आहत कर गई है।क्षेत्रवासियों की मांग है कि इस धार्मिक स्थल की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए और चोरों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।














Users Today : 14
Users Yesterday : 16