सीआईएसएफ जवान हत्याकांड में मुख्य आरोपी ‘मुर्गी’ गिरफ्तार

Facebook
Twitter
WhatsApp

WhatsApp Image 2024 07 12 at 13.27.59

आसनसोल :  पश्चिम बर्धमान जिले के सलानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर पुलिस ने बंगाल-झारखंड सीमा पर हुई सीआईएसएफ जवान की हत्या के मामले में बड़ी सफलता प्राप्त की है। हत्या के मुख्य आरोपी राहुल गुप्ता उर्फ मुर्गी (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह झारखंड के जामताड़ा जिला अंतर्गत मिहिजाम के अंबेडकर नगर का निवासी है और पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

ज्ञात हो कि 23 अप्रैल को सीआईएसएफ जवान सुनील पासवान अपनी खरीदी गई जमीन देखने धनगुड़ी-डोमदाह इलाके में गए थे, जहाँ शाम को उन्हें गोली मार दी गई थी। घटना के बाद मिहिजाम और रूपनारायणपुर पुलिस ने संयुक्त जांच अभियान शुरू किया। सलानपुर थाना कांड संख्या 64/25 के तहत मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी कुल्टी जावेद हुसैन, थाना प्रभारी अमित हाटी, रूपनारायणपुर ओसी अरुणाभ भट्टाचार्य सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।

IMG 20250511 WA0050

सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूत्रों के आधार पर पुलिस ने पाया कि घटना के दिन एक युवक हेलमेट और थ्री-क्वार्टर पैंट पहनकर घूम रहा था। अत्यधिक गर्मी में हेलमेट पहनने पर पुलिस को संदेह हुआ। साथ ही शराब की दुकान के पास उसका देखा जाना भी संदिग्ध लगा। 23 अप्रैल की रात घटनास्थल से एक हेलमेट बरामद किया गया।

इसी दौरान मिहिजाम में 1 फरवरी को हुए एक अन्य हत्या कांड (कांड संख्या 10/25) में राहुल को आरोपी बनाया गया। वह 31 जनवरी को रात एक बजे राहुल कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या में संलिप्त पाया गया था। बाद में वह खुद जेल चला गया। रूपनारायणपुर पुलिस को सूत्रों से इसकी जानकारी मिली और कानूनी प्रक्रिया के तहत 9 जुलाई को उसे हिरासत में लिया गया।

IMG 20240918 WA0025

पूछताछ के दौरान राहुल के घर से वही थ्री-क्वार्टर पैंट और नारंगी टी-शर्ट बरामद की गई, जो हत्या के दिन पहनी गई थी। पुलिस ने उसे आज 19 जुलाई को आसनसोल कोर्ट में पेश कर चार दिनों की और हिरासत मांगी है, ताकि हत्या में प्रयुक्त बंदूक बरामद की जा सके।

पुलिस का मानना है कि इस हत्या का मास्टरमाइंड अब भी फरार है, जो संभवतः बिहार या किसी अन्य राज्य में छिपा है। प्राथमिक जांच से यह भी संकेत मिला है कि सीमा क्षेत्र में रंगदारी वसूली करने वाला एक गिरोह सक्रिय है, जो जमीन या घर की खरीद-फरोख्त पर पैसे मांगता है। सुनील पासवान द्वारा विरोध करने पर उन्हें गोली मारी गई।

कुछ सूत्रों का यह भी दावा है कि उनकी जमीन पर शराबियों की भीड़ लगती थी, जिससे उन्होंने आपत्ति जताई थी। इससे गुस्साए बदमाशों ने गोली चला दी। पुलिस अब मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी है और राहुल उर्फ मुर्गी की गिरफ्तारी को बड़ी सफलता मान रही है।

Leave a Comment

Leave a Comment

[democracy id="1"]

Share Market

Also Read This

Gold & Silver Price

Our Visitor

0 4 1 7 6 2
Users Today : 11
Users Yesterday : 16