
मैथन डैम का किया निरीक्षण, अधिकारियों संग की बैठक,
आसनसोल। झारखंड राज्य की मुख्य सचिव अलका तिवारी शनिवार की संध्या 5:00 बजे पश्चिम बर्धमान जिले के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ कल्याणेश्वरी मंदिर पहुँचीं और वहाँ विधिवत पूजा-अर्चना कर माँ का आशीर्वाद लिया। मंदिर में दर्शन के दौरान सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। पूजा के बाद मुख्य सचिव मैथन स्थित डीवीसी के मजूमदार निवास गेस्ट हाउस पहुँचीं, जहाँ डीवीसी मैथन के परियोजना प्रधान सुमन प्रसाद सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका गुलदस्ता देकर स्वागत किया।
मुख्य सचिव का यह दौरा प्रशासनिक व पर्यावरणीय दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दिन भर उन्होंने मैथन डैम और पंचेत डैम का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलस्तर, सुरक्षा, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित मुद्दों पर अधिकारियों से चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

रात्रि विश्राम के लिए मुख्य सचिव डीवीसी मजूमदार निवास में ही ठहरीं। रविवार को वे रांची के लिए प्रस्थान करेंगी। उनके दौरे के दौरान धनबाद जिले के प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें एसडीओ राजेश कुमार, एडीएम हेम प्रसाद, एसडीपीओ रजत मणिक बाखला, बीडीओ मधु कुमारी, सीओ राजेश सिंह, तथा ओपी प्रभारी आकृष्ट अमन प्रमुख थे।

डीवीसी मैथन की ओर से भी वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्य सचिव के दौरे को सुगम और प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मौके पर वरिष्ठ मुख्य महाप्रबंधक दिलीप सिंह, महाप्रबंधक संजीव श्रीवास्तव, प्रबंधक एसके झा समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
स्थानीय लोगों ने भी मुख्य सचिव के दौरे का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इससे मैथन व पंचेत क्षेत्र में पर्यटन और विकास को गति मिलेगी। पर्यावरण संरक्षण, जल प्रबंधन और पर्यटन सुविधाओं को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सकारात्मक पहल की संभावना जताई जा रही है। माँ कल्याणेश्वरी मंदिर में पूजा कर मुख्य सचिव ने दिया श्रद्धा का संदेश।














Users Today : 11
Users Yesterday : 16