आसनसोल : सालानपुर थाना अंतर्गत बासुदेवपुर ग्राम पंचायत की एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा शनिवार की सुबह से लापता है। बताया गया कि वह रोज़ की भांति सुबह पढ़ाई के लिए रूपनारायणपुर स्थित ट्यूशन सेंटर जा रही थी, लेकिन उसके बाद से वह घर नहीं लौटी। परिजनों द्वारा आसपास के इलाकों में तलाश के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली, तब नाबालिग के पिता ने सालानपुर थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया।

पुलिस द्वारा शिकायत के बाद छानबीन प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद से लगातार नाबालिग से जुड़े सभी संभावित लोगों से पूछताछ की जा रही है। पास के सीसीटीवी फुटेज में नाबालिग को शनिवार सुबह 9:42 बजे चित्तरंजन की ओर जाने वाली एक मिनीबस में चढ़ते हुए अंतिम बार देखा गया। इसके बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया और किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिल सकी।

मामला और गंभीर तब हो गया जब सोमवार की रात नाबालिग के पिता को बच्ची के ही नंबर से व्हाट्सएप पर एक संदेश प्राप्त हुआ। उसमें लिखा था — “पापा बचाओ, मुझे यहाँ से ले जाओ, मर जाऊंगी, जल्दी आओ।” इसके साथ ही कुछ तस्वीरें भी भेजी गईं जिनमें बच्ची भयभीत अवस्था में दिख रही है। इसके बाद अगवा करने वालों ने फिरौती की मांग की और उसे छोड़ने का आश्वासन भी दिया।

नाबालिग के पिता ने बताया कि वे बेटी की जान बचाने के लिए कुछ पैसे भी ट्रांसफर कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस द्वारा साइबर सेल की मदद ली जा रही है और मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास जारी है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर चिंता और रोष का माहौल है। अभिभावक वर्ग में भय का वातावरण बना हुआ है और प्रशासन से बच्ची की सकुशल वापसी की मांग की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि वे हर कोण से जांच कर रहे हैं और शीघ्र ही नाबालिग को सुरक्षित खोज निकालने का प्रयास कर रहे हैं।














Users Today : 11
Users Yesterday : 16