
आसनसोल : शुक्रवार को कल्ला मोड़ इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब गुरुवार शाम से लापता एक मजदूर और उसका पुत्र अब तक घर नहीं लौटे। यह घटना आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र की है। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार की दोपहर लगभग 4 बजे पिता-पुत्र सामान्य रूप से घर से निकले थे। लेकिन देर रात तक जब उनकी कोई खबर नहीं मिली, तो परिवारवालों की चिंता बढ़ गई। वे रिश्तेदारों और परिचितों के पास खोजबीन करने लगे।
काफी देर तक कोई जानकारी नहीं मिलने के बाद शुक्रवार सुबह कुछ स्थानीय युवकों ने काजी नजरूल विश्वविद्यालय (KNU) के पीछे स्थित नदी किनारे दोनों के कपड़े और मोबाइल फोन पड़े देखे। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और परिवार को दी।

पुलिस ने मौके पर पहुँचकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को शक है कि मामला दुर्घटना, आत्महत्या या किसी संभावित अपराध से जुड़ा हो सकता है। लेकिन अभी तक यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों की नदी में डूबने की आशंका है या वे कहीं और गए हैं। पुलिस ने कहा कि यदि ज़रूरत पड़ी, तो NDRF की टीम या प्रशिक्षित गोताखोरों को भी लगाया जाएगा।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “हम फिलहाल सभी संभावित एंगल से जांच कर रहे हैं। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। दोनों व्यक्तियों की तलाश तेजी से की जा रही है।”
पिता पेशे से मजदूरी करते थे और उनका पुत्र कॉलेज का छात्र था। परिजनों का कहना है कि दोनों का किसी से कोई झगड़ा या विवाद नहीं था। न ही घर में किसी प्रकार की परेशानी चल रही थी। पिता जिम्मेदार व्यक्ति थे और पुत्र पढ़ाई में अच्छे थे। घर में सभी सामान्य ढंग से जीवन यापन कर रहे थे।

परिवार की महिलाएं बेसुध हैं और रिश्तेदारों की भीड़ घर पर जुट गई है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस से अपील की है कि जल्द से जल्द इन दोनों का पता लगाया जाए। इस बीच, इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं—कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं तो कुछ इसके पीछे आपराधिक साजिश की आशंका जता रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से नदी के किनारे कुछ संदिग्ध गतिविधियाँ देखी गई थीं, परंतु किसी ने उस ओर ध्यान नहीं दिया। अब जब यह घटना घटी है, तो लोगों में भय और चिंता का माहौल बन गया है।
फिलहाल पुलिस टीम हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है और दोनों की खोज में लगी हुई है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही कोई सुराग मिलेगा और इस रहस्य से पर्दा उठेगा।














Users Today : 9
Users Yesterday : 16