
अंडाल : भाजपा की पांडेश्वर मंडल-2 कमेटी के बैनर तले बुधवार को अंडाल थाना परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। भारी बारिश के बावजूद सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता अंडाल थाना पहुंचे और अवैध बालू एवं कोयला तस्करी पर रोक लगाने की मांग करते हुए राज्य प्रशासन और सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य और पांडेश्वर के पूर्व विधायक तथा वरिष्ठ भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी ने किया। थाने के सामने सड़क पर डटे भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्थानीय पुलिस पर आरोप लगाया कि वह अवैध खनन गतिविधियों पर आंखें मूंदे बैठी है, जबकि आम जनता इसकी प्रत्यक्ष पीड़ित है।प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि कोयला और बालू माफिया खुलेआम अवैध व्यापार कर रहे हैं, और पुलिस प्रशासन उन्हें संरक्षण दे रहा है। इस अवसर पर एक प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने, भाजपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे कथित उत्पीड़न को खत्म करने और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई।

भाजपा की चेतावनी : यदि मांगे नहीं मानी गईं तो उग्र आंदोलन
प्रदर्शन में शामिल भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाया, तो भविष्य में और भी बड़े आंदोलन होंगे, जिनकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन और राज्य सरकार पर होगी। पार्टी की ओर से स्पष्ट किया गया कि वह जनहित से जुड़े मुद्दों पर कोई समझौता नहीं करेगी।
जितेंद्र तिवारी का तृणमूल पर हमला
इस मौके पर पांडेश्वर के पूर्व विधायक जितेंद्र तिवारी ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि,”अंडाल और पांडेश्वर इलाके में अवैध कोयला व बालू तस्करी का साम्राज्य प्रशासन और सत्ताधारी दल की मिलीभगत से फल-फूल रहा है।”उन्होंने तृणमूल और सीपीएम दोनों को चुनौती दी कि यदि उनमें हिम्मत है, तो वे भी थाना घेराव करके दिखाएं और जनता के मुद्दों पर खुलकर बात करें।तिवारी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हर मोर्चे पर जनता की आवाज बनने को तैयार हैं, लेकिन सत्ता में बैठे लोग सिर्फ तस्करों की जेब भरने में लगे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे इस लड़ाई को विधानसभा और संसद तक भी उठाएंगे।

भारी बारिश भी नहीं रोक सकी आंदोलन की आग
गौर करने वाली बात यह रही कि तेज बारिश के बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ नहीं घटी, और कार्यकर्ता घंटों तक थाने के सामने डटे रहे। उन्होंने “अवैध तस्करी बंद करो”, “भ्रष्टाचारियों पर लगाम लगाओ” जैसे नारों से पूरे इलाके को गुंजायमान कर दिया।इस प्रदर्शन ने साफ कर दिया कि भाजपा अब स्थानीय मुद्दों को लेकर आक्रामक रुख अख्तियार कर रही है, और तृणमूल सरकार के खिलाफ जनमोर्चा खोलने की तैयारी में है।अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस चेतावनी को कितनी गंभीरता से लेता है और क्या अवैध खनन पर कोई ठोस कार्रवाई होती है या नहीं।














Users Today : 7
Users Yesterday : 16