
दुर्गापुर : शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अंडाल के काजी नजरूल इस्लाम हवाई अड्डे पर आगमन के कुछ समय बाद पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने एक अनोखा कदम उठाया। उन्होंने अपने काफिले के साथ दुर्गापुर के बेनाचिति स्थित घोष मार्केट सब्जी बाजार का अचानक दौरा किया। उनका यह दौरा पूर्व-निर्धारित नहीं था, जिससे बाजार में मौजूद लोग आश्चर्यचकित हो गए।
राज्यपाल ने बाजार में प्रवेश करते ही सब्जी और फल विक्रेताओं से सीधे बातचीत की। उन्होंने उनसे कीमतों, बिक्री और कठिनाइयों के बारे में विस्तार से पूछा। इस दौरान उन्होंने ग्राहकों से भी संवाद किया और उनकी दैनिक परेशानियों और बाजार की स्थिति को समझने की कोशिश की।

निरीक्षण के बीच मछली विक्रेता पलटू धीबर ने राज्यपाल के गले में रजनीगंधा के फूलों की माला पहनाई। राज्यपाल ने इस स्नेहपूर्ण gesture को हर्षपूर्वक स्वीकार किया और मछली विक्रेता को धन्यवाद दिया। इसके बाद राज्यपाल ने बाजार की गलियों का निरीक्षण करते हुए एक चाय की दुकान पर रुककर चाय का स्वाद भी लिया।
यात्रा के दौरान राज्यपाल ने टमाटर, बरबटी, आलू और प्याज सहित कुछ सब्जियां भी स्वयं खरीदीं। इस कदम से स्थानीय लोग बेहद उत्साहित दिखे और उनके बीच चर्चा का विषय बन गए।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बात करते हुए राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने कहा, “मैं अपने नेत्रों से लोगों की जीवनशैली, उनकी सोच और भावनाओं को समझना चाहता था। छोटे विक्रेताओं की समस्याएं जानने के लिए सीधे संवाद करना अधिक सार्थक है। सरकारी रिपोर्टों की तुलना में जमीनी हकीकत इसी तरह सामने आती है।”

राज्यपाल ने आगे कहा कि इस अनुभव से उन्हें जो समझ मिली है, वह राजभवन को ‘जन राजभवन’ में बदलने की उनकी पहल को मजबूत करेगी। उन्होंने बताया कि इस तरह के निरीक्षण उन्हें जनता के और करीब लाने का अवसर देते हैं और समस्याओं का व्यावहारिक समाधान निकालने में मदद करते हैं।
इस अचानक दौरे ने जहां बाजार के विक्रेताओं और ग्राहकों को चौंकाया, वहीं राज्यपाल की सहजता और मिलनसार व्यवहार ने लोगों का दिल भी जीता। स्थानीय निवासियों का कहना था कि राज्यपाल का यह कदम जनसंपर्क को नया आयाम देता है और इससे शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास भी बढ़ता है।
राज्यपाल ने संकेत दिया कि भविष्य में भी वे इसी प्रकार के अचानक निरीक्षण जारी रखेंगे, ताकि जनजीवन की वास्तविक स्थिति को प्रत्यक्ष अनुभव कर सकें।














Users Today : 6
Users Yesterday : 16