
आसनसोल (सालानपुर) : राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘हमारा मोहल्ला, हमारा समाधान’ के तहत शुक्रवार को सालानपुर ब्लॉक के जीतपुर उत्तररामपुर ग्राम पंचायत में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य स्थानीय लोगों की छोटी-बड़ी समस्याओं को जानकर त्वरित समाधान देना था, जिसे लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया।

शिविर में बाराबनी विधायक बिधान उपाध्याय, बीडीओ देबांजन विश्वास, पंचायत समिति अध्यक्ष कैलाशपति मंडल, उपाध्यक्ष बिद्युत मिश्रा और पंचायत के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। विधायक उपाध्याय ने कहा कि राज्य सरकार जनता के दरवाज़े पर जाकर समस्याओं को सुनने और हल करने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ सांस्कृतिक और सामाजिक विकास भी हो।

शिविर में बूथ नंबर 97 और 98 के सैकड़ों निवासियों ने हिस्सा लिया और अपने-अपने इलाकों की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। पंचायत की ओर से सभी मांगों की सूची सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाई गई।
बूथ 98 के निवासियों ने प्रांतपल्ली दुर्गा मंदिर में हाई मास्ट लाइट, घियाडोबा में सांस्कृतिक केंद्र, वेल्डेड रोड निर्माण, और बैठने के लिए बेंच जैसी छह महत्वपूर्ण मांगें रखीं। वहीं बूथ 97 के लोगों ने जमाईपाड़ा में पक्की नालियों, कुसुम नहर में स्ट्रीट लाइट, खेल मैदान में बेंच जैसी सुविधाओं की आवश्यकता जताई।

एक निवासी द्वारा शेड निर्माण की मांग पर विधायक ने कहा कि वह अपने विधायक निधि से शेड का निर्माण कराएंगे। इस आश्वासन से उपस्थित लोगों में प्रसन्नता की लहर दौड़ गई और उन्होंने तालियों के साथ विधायक का स्वागत किया।
पंचायत प्रधान तापस मंडल, उप प्रधान सुरजीत मोदक सहित अधिकारीगण शिविर में व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। शिविर में आई समस्याओं को दर्ज कर त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशासन द्वारा संकल्प लिया गया।














Users Today : 3
Users Yesterday : 16