
बराकर : बराकर हनुमान चढ़ाई निवासी विदिशा पोद्दार ने कोस्ट मैनेजमेंट एकाउंटिंग (सीएमए) परीक्षा में पश्चिम बंगाल में प्रथम स्थान और राष्ट्रीय स्तर पर 38वां रैंक प्राप्त कर इतिहास रच दिया। यह उपलब्धि बराकर के इतिहास में पहली बार दर्ज हुई है।
विदिशा, स्वर्गीय विकास पोद्दार और संगीता पोद्दार की पुत्री हैं। बचपन से ही मेधावी रही विदिशा को सीएमए कोर्स में प्रवेश के समय इंट्रेंस परीक्षा में श्रेष्ठ अंक लाने पर छात्रवृत्ति प्राप्त हुई। इसी के सहारे उन्होंने आसनसोल और बाद में कोलकाता से पढ़ाई पूरी की। उनके चाचा नवीन पोद्दार ने बताया कि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण उनकी सफलता का मूल मंत्र रहा।

फोन पर बातचीत में विदिशा ने कहा — “मैं वैश्विक स्तर पर इंश्योरेंस क्षेत्र में हो रहे बदलावों पर शोध करना चाहती हूं। भारत के ग्रामीण इलाकों में अभी भी बीमा के महत्व को लेकर जागरूकता की कमी है। इस दिशा में काम कर आम लोगों और सरकार दोनों को लाभ पहुंचाना मेरा उद्देश्य है।”

विदिशा की इस उपलब्धि से बराकर और राज्यभर में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवार, रिश्तेदार और स्थानीय लोगों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया। बराकर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शिवकुमार अग्रवाल ने कहा — “विदिशा ने न केवल बराकर का नाम रोशन किया है, बल्कि राज्य के लिए भी गर्व का क्षण पैदा किया है। उनकी मेहनत आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।”














Users Today : 3
Users Yesterday : 16