
मुर्शिदाबाद : मंगलवार को सागरदिघी थाने के अंतर्गत मोरग्राम स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 12 पर एक बड़ा हादसा टल गया। बहरमपुर से रघुनाथगंज की ओर जा रही यात्रियों से भरी सरकारी बस में अचानक आग लग गई। बस जैसे ही दोहार मोड़ के पास पहुंची, इंजन से धुआं निकलने लगा। यह देखते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग चीखने-चिल्लाने लगे। खतरे को भांपते हुए चालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक की सूझबूझ और यात्रियों की तत्परता से सभी लोग सुरक्षित बस से बाहर निकलने में सफल रहे। हालांकि, बस रुकते ही आग की लपटें तेजी से फैल गईं और कुछ ही देर में पूरी बस धू-धूकर जल उठी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बस पूरी तरह राख हो चुकी थी।

अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि आग बस के इंजन में आई यांत्रिक खराबी के कारण लगी। अचानक काला धुआं निकलने पर यात्री घबरा गए और समय रहते उन्हें बाहर निकाल लिया गया। जंगीपुर के पुलिस अधीक्षक अमित साव ने पुष्टि की कि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ। हालांकि, बस पूरी तरह से नष्ट हो गई।
यात्रियों में से सुखचंद शेख ने बताया कि वह औरंगाबाद जा रहा था। आग लगने की अफरा-तफरी में वह तो सुरक्षित निकल आया लेकिन उसका बैग जिसमें कई महत्वपूर्ण दस्तावेज थे, बस में ही छूट गया। वह सब जलकर राख हो गया। वहीं, स्थानीय निवासी बिजन दास ने कहा कि जैसे ही बस रुकी, अधिकांश यात्री तुरंत नीचे उतर गए, लेकिन कुछ बुजुर्गों को लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर चालक ने समय पर बस नहीं रोकी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना से यात्रियों में भय का माहौल है। पुलिस ने बताया कि बस में आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर से राज्य परिवहन की बसों की तकनीकी जांच व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों ने मांग की है कि सरकारी बसों का नियमित रखरखाव और समय-समय पर जांच सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।














Users Today : 1
Users Yesterday : 30