
आसनसोल : मंगलवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बर्दवान पहुँचीं और इस अवसर पर उन्होंने पूर्व तथा पश्चिम बर्दवान जिलों के लिए कई विकास परियोजनाओं की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के लिए नया भवन तैयार कर लिया गया है, जो अब प्रशासनिक कार्यों को और अधिक सशक्त और सुचारु बनाएगा।

उन्होंने बताया कि दुर्गापुर में कमर्शियल टैक्स भवन की मरम्मत कर दी गई है। वहीं आसनसोल और रानीगंज नगर निगम के लिए नए प्रशासनिक भवनों का निर्माण किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन भवनों से न केवल आम जनता को बेहतर सेवा मिलेगी बल्कि प्रशासनिक गतिविधियों की रफ्तार भी तेज होगी।
सड़कों के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दुर्गापुर, कांकसा, सालानपुर और फरीदपुर ब्लॉक में सड़क एवं कैरेजवे निर्माण के लिए 9 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन योजनाओं से स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होगा।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणाएँ कीं। उन्होंने कहा कि रानीगंज, अंडाल, दुर्गापुर, फरीदपुर, बाराबनी और पांडवेश्वर में 9 नए स्वास्थ्य केंद्र बनाए जा रहे हैं। साथ ही बाराबनी, अंडाल, दुर्गापुर और फरीदपुर ब्लॉक में 3 नए ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन केंद्रों से आम जनता को नज़दीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलेंगी और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा किए गए वर्चुअल उद्घाटन के बाद नए कार्यालय में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया। इसमें मंत्री मलय घटक, पुलिस कमिश्नर सुनील चौधरी, जिलाधिकारी एस. पोन्नबलम, जिला परिषद की सीईओ अदिति चौधरी, जमुरिया विधायक हरेराम सिंह, रानीगंज विधायक तापस बनर्जी, तथा जिला परिषद के मेंटर वी. शिवदासन दासु मौजूद रहे। इसके अलावा प्रशासनिक सेवा से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति ने समारोह को भव्यता प्रदान की।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार आम लोगों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए लगातार कार्यरत है। उनका लक्ष्य है कि विकास योजनाएँ सिर्फ़ शहरों तक सीमित न रहें बल्कि गाँव-गाँव तक पहुँचे।

लोगों ने इस मौके पर खुशी जताई और कहा कि सड़कों और स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण से उनके दैनिक जीवन में बड़ा बदलाव आएगा। खासकर ग्रामीण और औद्योगिक क्षेत्र में रहने वाले लोगों को अब स्वास्थ्य सुविधाएँ दूर नहीं, बल्कि पास ही मिलेंगी।
इन घोषणाओं को लेकर बर्दवान और आसनसोल-दुर्गापुर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया। आम जनता को उम्मीद है कि इन परियोजनाओं से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलेगी।














Users Today : 28
Users Yesterday : 30