
आसनसोल : रविवार को आसनसोल जिला पुस्तकालय में पुस्तकालय दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्य के कानून सह श्रम मंत्री मलय घटक, जिला परिषद अध्यक्ष विश्वनाथ बाउरी, जिला अधिकारी एस. पन्नबलम, नगर निगम चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, एमएमआईसी गुरुदास चटर्जी, सुब्रत अधिकारी सहित पुस्तकालय कर्मियों और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी विशिष्ट व्यक्तियों ने पुस्तक और पुस्तकालय की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।

मंत्री मलय घटक ने कहा “पुस्तकालय किसी भी सभ्य समाज की नींव होते हैं। ज्ञान का स्रोत पुस्तक है और पुस्तकालय उसकी शक्ति को समाज तक पहुंचाने का माध्यम। हर पीढ़ी के लिए पुस्तकालय जरूरी रहे हैं और भविष्य में भी उनकी महत्ता बनी रहेगी।”
जिला परिषद अध्यक्ष विश्वनाथ बाउरी और जिला अधिकारी एस. पन्नबलम ने भी पुस्तकालयों के विकास पर जोर देते हुए कहा कि आज डिजिटल युग में भी पुस्तकालय की प्रासंगिकता खत्म नहीं हुई है, बल्कि और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि राज्य प्रशासन हर जिले में पुस्तकालयों के निर्माण और गुणवत्ता सुधार पर विशेष ध्यान दे रहा है।

नगर निगम चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी ने कहा कि पुस्तकालय सिर्फ किताबें पढ़ने का स्थान नहीं है, बल्कि यह विचारों और संस्कृति के आदान-प्रदान का केंद्र भी है। समारोह के दौरान यह संकल्प लिया गया कि समाज में पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने और नई पीढ़ी को पुस्तकालय से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।














Users Today : 17
Users Yesterday : 30