आसनसोल : शुक्रवार का दिन पश्चिम बर्दवान जिले के लिए ऐतिहासिक रहा। जिला इमाम संगठन एसोसिएशन के तत्वावधान में 1500वां संपूर्ण नबी दिवस श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम आसनसोल स्थित मक्का अपार्टमेंट में आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष अत्ताउल्लाह खान ने की।
अत्ताउल्लाह खान ने अपने संबोधन में कहा—“करीब पंद्रह सौ वर्ष पूर्व जनाबे नबी साहब ने जन्म लेकर दुनिया को इंसानियत, मोहब्बत और अमन का अमूल्य पैगाम दिया। उन्होंने हर वर्ग और हर धर्म के लोगों को सही राह दिखाने तथा आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए। आज उनकी यही शिक्षा सम्पूर्ण मानवता के लिए सबसे बड़ा मार्गदर्शन है।”
इस ऐतिहासिक अवसर पर आसनसोल सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग, मौलाना तथा अन्य धर्मों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धा और उमंग का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
नबी दिवस की खुशी में शहरभर में धार्मिक जुलूस और रैलियां निकाली गईं। जुलूस में शामिल श्रद्धालु हाथों में झंडे और तिरंगा लेकर आगे बढ़े तथा “अमन, शांति और भाईचारा जिंदाबाद” के नारे लगाए। ढोल-नगाड़ों और धार्मिक गीतों की गूंज ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों के लिए बिरयानी की विशेष दावत का आयोजन किया गया। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी ने इसमें उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। यह दावत केवल भोजन का नहीं, बल्कि एकता और मोहब्बत का प्रतीक बनी।
संगठन की ओर से समस्त देशवासियों और विशेषकर आसनसोल नगरवासियों को नबी दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही यह संदेश दिया गया कि धर्म से ऊपर इंसानियत है और मोहब्बत ही दुनिया का सबसे बड़ा पैगाम है।

















Users Today : 49
Users Yesterday : 35