
दुर्गापुर : यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। इंडिगो एयरलाइंस ने दुर्गापुर के काज़ी नज़रूल इस्लाम हवाई अड्डे से उत्तर प्रदेश के पवित्र नगर वाराणसी के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने की घोषणा की है। यह नई उड़ान सेवा 28 अक्टूबर 2025 से शुरू होगी, जिससे पश्चिम बंगाल और आसपास के राज्यों के यात्रियों के लिए वाराणसी तक की यात्रा अब पहले से कहीं अधिक सुगम और तेज़ हो जाएगी।

यह उड़ान सप्ताह में तीन दिन — मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उपलब्ध रहेगी। इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-7504 दोपहर 1:25 बजे दुर्गापुर से उड़ान भरेगी और 3:05 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वहीं वापसी की उड़ान 6E-7505 वाराणसी से दोपहर 3:25 बजे रवाना होकर शाम 5:10 बजे दुर्गापुर लौटेगी।

एयरलाइंस अधिकारियों का कहना है कि इस नई सेवा से व्यापारिक यात्रियों, छात्रों और तीर्थयात्रियों सभी को लाभ मिलेगा। वाराणसी, जो विश्व के सबसे प्राचीन नगरों में से एक है, अपने घाटों, मंदिरों और धार्मिक वातावरण के लिए प्रसिद्ध है, वहीं दुर्गापुर एक प्रमुख औद्योगिक और शैक्षणिक केंद्र के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। इस सीधी हवाई कनेक्टिविटी से दोनों शहरों के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है।
दुर्गापुर एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट बुकिंग पहले ही शुरू कर दी गई है। शुरुआती चरण में किराया एक ओर से लगभग 5000 रुपये तय किया गया है, जो मांग के अनुसार परिवर्तित हो सकता है।

स्थानीय लोगों में इस घोषणा को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। व्यवसायी वर्ग का मानना है कि इस उड़ान से व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी, वहीं श्रद्धालु अब आसानी से काशी विश्वनाथ मंदिर, दशाश्वमेध घाट और गंगा आरती जैसे धार्मिक स्थलों का दर्शन कर सकेंगे।
एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि भविष्य में अन्य शहरों के लिए भी सीधी उड़ानें शुरू करने की योजना पर काम चल रहा है। उनका कहना था—“दुर्गापुर अब केवल औद्योगिक नहीं, बल्कि हवाई कनेक्टिविटी के लिहाज से भी उभरता हुआ केंद्र बन रहा है।”














Users Today : 21
Users Yesterday : 35