आसनसोल : राज्य सरकार द्वारा किए गए ताज़ा प्रशासनिक पुनर्गठन के बाद आसनसोल नगर निगम एवं आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (अड्डा) में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की नई नियुक्तियों ने शहर में शासन और विकास की दिशा में नई अपेक्षाएँ जगा दी हैं। शासन की ओर से जारी आदेशानुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा की 2020 बैच की अधिकारी एकम जे. सिंह को आसनसोल नगरपालिका निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं 2014 बैच की अधिकारी अदिति चौधरी को आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद का प्रभार सौंपा गया है।

नई नियुक्तियों के बाद नगर प्रशासन और विकास प्राधिकरण में नई ऊर्जा और गति आने की संभावनाओं को लेकर स्थानीय लोगों और प्रतिनिधियों में उत्साह देखा जा रहा है। नगर निगम के आयुक्त पद पर नियुक्त एकम जे. सिंह पूर्व में मालदा जिले में अतिरिक्त जिला अधिकारी के रूप में पदस्थापित थीं। उनकी कार्यशैली को तेज, प्रभावी और लक्ष्य आधारित माना जाता है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार नगर निगम की अधिसंरचना, कचरा प्रबंधन, जल आपूर्ति और नगरीय सेवा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

वहीं अदिति चौधरी, जिन्होंने पूर्व में आसनसोल नगर निगम एवं अड्डा दोनों का नेतृत्व किया है, अब विकास प्राधिकरण की विस्तृत परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगी। अड्डा के अंतर्गत दुर्गापुर एवं आसनसोल नगर क्षेत्रों में बहुस्तरीय यातायात तंत्र, आवासीय विस्तारीकरण, औद्योगिक गलियारों तथा शहरी नियोजन की एक विस्तृत श्रृंखला संचालित है। प्रशासनिक जानकारों का मत है कि चौधरी की पूर्व अनुभव क्षमता एवं क्षेत्रीय समझ विकास योजनाओं को गति प्रदान करेगी।
शासन सूत्रों का कहना है कि यह फेरबदल केवल संरचनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि शहरी निकायों और विकास प्राधिकरणों के बीच सुचारु समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से किया गया है, ताकि परियोजनाओं की स्वीकृति, कार्यान्वयन एवं निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जा सके।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने इन नियुक्तियों का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की है कि नगर में सड़कों के पुनर्विकास, नालों के निर्माण, पर्यावरणीय संरक्षण, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार तथा स्वच्छता व्यवस्था में दृश्यमान परिवर्तन देखने को मिलेगा।

नगर निगम, जो राज्य में कोलकाता नगर निगम के बाद दूसरा सबसे बड़ा स्थानीय प्रशासनिक ढांचा है, अब नए नेतृत्व में नागरिक सेवाओं के विस्तार और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की दिशा में अग्रसर होगा।
कार्यभार ग्रहण के बाद दोनों अधिकारियों के शीघ्र ही संयुक्त समीक्षा बैठक करने की संभावना है, जिसमें प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति, चुनौतियों तथा आगामी योजनाओं की रूपरेखा पर विचार किया जाएगा।














Users Today : 29
Users Yesterday : 37