
दुर्गापुर : झारखंड के देवघर में कार्यरत पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर निवासी एक युवती की संदिग्ध हालात में मृत्यु का मामला सामने आया है। मृतका, 30 वर्षीय ब्यूटी राणा, देवघर के एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में काम करती थीं। उनका शव देवघर स्थित एक महिला हॉस्टल के कमरे से सड़ी-गली अवस्था में बरामद हुआ। इस घटना से परिवार और स्थानीय निवासियों में शोक व आक्रोश की लहर है।
21 दिसंबर के बाद से संपर्क में नहीं थी ब्यूटी
ब्यूटी राणा, दुर्गापुर के स्टेशन खुला क्षेत्र की निवासी थीं। परिवार के अनुसार, उनकी आखिरी बार 21 दिसंबर को फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया। बढ़ती चिंता के कारण ब्यूटी के पिता परेश राणा देवघर पहुंचे। अस्पताल प्रशासन से संपर्क करने पर पता चला कि ब्यूटी ने 21 दिसंबर को अवकाश लिया था और घर जाने की बात कही थी। लेकिन वह घर नहीं पहुंची।

महिला हॉस्टल में मिला शव
अस्पताल से जानकारी लेने के बाद परेश राणा महिला हॉस्टल पहुंचे, जहां ब्यूटी रहती थीं। हॉस्टल में उनके कमरे का दृश्य बेहद दर्दनाक था। कमरे में ब्यूटी का शव सड़ी-गली अवस्था में मिला। इस खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
परिवार ने हत्या का लगाया आरोप
ब्यूटी की मां मालती राणा और बहन मौसुमी साहा का कहना है कि यह घटना सामान्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल के कुछ कर्मचारियों ने साजिश के तहत ब्यूटी की हत्या की है। उन्होंने यह भी कहा कि शव मिलने के समय कमरे से सभी जरूरी सामान गायब थे। यह परिस्थिति संदेह उत्पन्न करती है। ब्यूटी की मां ने बताया कि उनकी बेटी ने फोन पर घर आने और अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद देवघर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अभी तक परिवार की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पांच वर्ष पूर्व ब्यूटी राणा का विवाह हुआ था और उनका चार वर्षीय एक पुत्र भी है।
न्याय की मांग
ब्यूटी के परिजनों ने इस घटना की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। परिजन व स्थानीय लोग इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
घटना ने झारखंड और पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस इस मामले को हर पहलू से जांचने का आश्वासन दे रही है।















Users Today : 34
Users Yesterday : 23