
बर्दवान : लोक निर्माण विभाग में कार्यरत सहायक अभियंता सोमेन सरकार ने अद्भुत साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए बुधवार को माउंट एवरेस्ट (8,849 मीटर) और माउंट लोत्से पर विजय प्राप्त की। 54 वर्षीय सोमेन सरकार ने यह असाधारण उपलब्धि अपने पर्वतारोहण अभियान के तहत हासिल की, जो कुल 56 दिनों तक चला।

उन्होंने अपनी यात्रा 7 अप्रैल 2025 को प्रारंभ की थी। इस अभियान में उनके साथ अनुभवी पर्वतारोही मिनसा शेरपा भी थे, जो पहले ही 8 बार माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंच चुके हैं। इस कठिन और जोखिम भरे अभियान का संचालन प्रसिद्ध संस्था ‘8 ए एक्सपीडिशन्स’ द्वारा किया गया था। आयोजकों के अनुसार, बुधवार को सोमेन सरकार सात अन्य पर्वतारोहियों के साथ एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचे। उनके साथ एक चीनी नागरिक, एक ब्रिटिश पर्वतारोही और चार पर्वतारोही गाइड भी शामिल थे।

यह कोई पहली उपलब्धि नहीं है। सोमेन सरकार पिछले दो दशकों से पर्वतारोहण के क्षेत्र में सक्रिय हैं और उन्होंने पहले भी माउंट स्टॉक कांगड़ी, माउंट नन, माउंट युनम, माउंट एल्ब्रस तथा माउंट देव टिब्बा जैसी कई प्रतिष्ठित चोटियों को फतह किया है।
सोमेन सरकार का मानना है कि उम्र केवल एक संख्या है और यदि इच्छाशक्ति मजबूत हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने इस सफल पर्वतारोहण को बंगाल और भारत के लिए एक प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि एवरेस्ट और लोत्से की चोटी तक पहुंचना उनके जीवन का स्वप्न रहा है और इस सपने को पूरा कर वे अत्यंत गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर उनके परिवार के साथ-साथ लोक निर्माण विभाग के सहकर्मियों में भी अत्यंत हर्ष है। सभी ने उनके अद्वितीय साहस और समर्पण की सराहना की है। यह अभियान यह संदेश देता है कि प्रतिबद्धता, परिश्रम और आत्मबल के माध्यम से किसी भी उम्र में असंभव से दिखने वाले लक्ष्य को भी पाया जा सकता है।
सोमेन सरकार की यह उपलब्धि निश्चित ही युवाओं और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।















Users Today : 1
Users Yesterday : 28