
आसनसोल : पश्चिम बर्धमान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के विरुद्ध पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा सघन छापामारी अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल आठ अभियुक्तों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। इस संयुक्त कार्रवाई में बाराबनी सर्किल आबकारी विभाग, जामुड़िया थाना, आसनसोल उत्तर थाना, रानीगंज थाना और हीरापुर थाना की पुलिस सक्रिय रूप से शामिल रही।

बाराबनी सर्किल आबकारी विभाग के अधिकारियों ने दोमहानी रोड इलाके में छापा मारकर एक व्यक्ति को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। वहीं जामुड़िया थाना पुलिस ने भी क्षेत्र में अभियान चलाकर एक अन्य अभियुक्त को अवैध शराब के साथ पकड़ा। इसके अलावा, आसनसोल उत्तर थाना पुलिस ने दो अभियुक्तों को, रानीगंज थाना पुलिस ने दो और हीरापुर थाना पुलिस ने एक अभियुक्त को अवैध शराब के साथ धर दबोचा।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के नाम हैं: मनोज टुडू, पंकज कुमार, विजय चौधरी, उत्तम बाउरी, शंकर साव, लालटू बाउरी और धीरू विश्वकर्मा। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से बड़ी मात्रा में अवैध शराब की बोतलें बरामद कीं, जिनका कोई वैध दस्तावेज नहीं था।
सभी आरोपियों को आसनसोल जिला अदालत के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने अभियुक्तों की जमानत याचिकाएं खारिज करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।

पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध शराब की बिक्री को रोकने और समाज में शराब माफियाओं के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में की गई है। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि क्षेत्र को अवैध गतिविधियों से मुक्त रखा जा सके।
स्थानीय लोगों ने पुलिस और आबकारी विभाग की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि अवैध शराब की बिक्री पर जल्द ही पूर्णतः अंकुश लगाया जाएगा।














Users Today : 1
Users Yesterday : 46