
आसनसोल/बर्नपुर : आसनसोल नगर निगम के आलोचना भवन में सोमवार को असर फाउंडेशन के तत्वावधान में “मीडिया नेतृत्व द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं वायु गुणवत्ता नियंत्रण” विषयक एक विचारगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, ठोस कचरा प्रबंधन तथा वायु प्रदूषण नियंत्रण पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
इस संगोष्ठी में असर फाउंडेशन की पंपा चक्रवर्ती, आईआईटी (धनबाद) की प्रोफेसर डॉ. मधुमिता पटेल, पर्यावरण विशेषज्ञ सुरेश पांडियन, चेस्ट मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. गौतम मंडल, सीएमईआरआई (दुर्गापुर) के प्रोफेसर डॉ. पार्थ दास तथा वरिष्ठ पत्रकार बिस्वदेब भट्टाचार्य ने वक्ता के रूप में सहभागिता की।

वक्ताओं ने वायु प्रदूषण के विभिन्न स्रोतों — यथा घरेलू धुआं, वाहनों से निकलने वाले विषैले गैस, सड़क की धूल तथा औद्योगिक अपशिष्ट — पर प्रकाश डालते हुए समाधान हेतु यांत्रिक सड़क सफाई, स्वच्छ ऊर्जा के प्रयोग तथा कचरा पुनर्चक्रण को आवश्यक बताया। डॉ. मंडल ने प्रदूषण के कारण बाल मृत्यु दर में बढ़ोतरी को रेखांकित करते हुए चेताया कि वायु प्रदूषण के कारण पिछले ढाई दशकों में विश्वभर में लगभग एक करोड़ बच्चों की असामयिक मृत्यु हो चुकी है।

वहीं, वरिष्ठ पत्रकार भट्टाचार्य ने शासन व्यवस्था की निष्क्रियता की आलोचना करते हुए कहा कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण कोयले की जगह वितरित किए गए 160 विद्युत चूल्हे भी अनुपयोगी साबित हो रहे हैं। उन्होंने मंगलपुर, जमुरिया और मध्य शहर क्षेत्रों में तीव्र होते प्रदूषण की ओर शासन का ध्यान आकृष्ट करते हुए शीघ्र ठोस कार्रवाई की मांग की।
इसी दिन, बर्नपुर स्टेशन रोड स्थित सेल आईएसपी टाउन सर्विस सीजीएम कार्यालय के समीप बर्नपुर के व्यवसायियों और नागरिकों ने पार्षद अशोक रुद्र के नेतृत्व में जलापूर्ति, विद्युत समस्या, एसी शुल्क वृद्धि, कचरा निस्तारण शुल्क और व्यावसायिक कर वृद्धि जैसे मुद्दों पर विरोध प्रकट किया। प्रदर्शनकारियों ने सीजीएम को ज्ञापन सौंपते हुए शुल्कों में कटौती और नागरिक सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की मांग की।

पार्षद रुद्र ने कहा कि नागरिकों की इन समस्याओं को लेकर प्रशासन के साथ गंभीर चर्चा हुई है, और शीघ्र ही समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
आसनसोल एवं बर्नपुर क्षेत्र में आयोजित यह दोहरी गतिविधियाँ नागरिक चेतना, पर्यावरणीय जागरूकता और शासन के प्रति उत्तरदायित्वबोध का सशक्त प्रतीक बनकर सामने आई हैं।














Users Today : 1
Users Yesterday : 46