
बर्नपुर : आसनसोल नगर निगम के त्रिवेणी मोड़ स्थित बोरो 7 में बोरो 7 अंतर्गत आने वाले 14 वार्डों के सभी पार्षदों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के विकास कार्यों और लंबित परियोजनाओं की समीक्षा करना था। बैठक में पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण भी मांगा गया।

बैठक की अध्यक्षता बोरो चेयरमैन शिवानंद बाउरी ने की, जिन्होंने कहा कि वार्डों में पानी की समस्या, बिजली की व्यवस्था, सड़क मरम्मत, ड्रेनेज निर्माण और सफाई के मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या समस्या को तत्काल हल करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
चर्चा के दौरान विशेष रूप से उन वार्डों की पहचान की गई जहां बारिश के मौसम में जलजमाव की समस्या रहती है, जिससे स्थानीय लोग और राहगीर दोनों परेशान होते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए पार्षदों ने सुझाव दिए और प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई। सभी पार्षदों से अनुरोध किया गया कि वे अपने वार्डों में हो रहे कार्यों और रुके हुए कार्यों की स्थिति का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करें ताकि समस्याओं का उचित समाधान किया जा सके।
बैठक में पार्षद राकेश शर्मा, अशोक रूद्र, गुरमित सिंह, श्रावणी विश्वास, समित माजी, कंचन मुखर्जी, सोना गुप्ता, सीमा मंडल, दिलीप ओरांग, संध्या दास, कहकशां रियाज सहित अन्य पार्षद भी उपस्थित थे। सभी ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों और क्षेत्र के विकास में सहयोग की भावना जताई।

बोरो चेयरमैन शिवानंद बाउरी ने कहा कि पार्षदों के सहयोग से विकास कार्यों को और बेहतर तरीके से पूरा किया जाएगा ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने साफ किया कि क्षेत्र में सफाई और ड्रेनेज की नियमित देखरेख पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि जलभराव जैसी समस्याओं से निजात मिल सके।
इस बैठक से स्पष्ट हुआ कि बोरो 7 के वार्डों के विकास के लिए नगर निगम प्रशासन गंभीर है और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ मिलकर समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में काम कर रहा है। जनता को जल्द ही अपने वार्डों में सुधार नजर आएगा।














Users Today : 0
Users Yesterday : 46