
आसनसोल : रेलवे के खाली पड़े लोको क्वार्टरों में वर्षों से रह रहे गरीब परिवारों के सामने अब बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है। आसनसोल नगर निगम के 24 नंबर वार्ड अंतर्गत लोको क्वार्टर में रह रहे कुछ लोगों ने आसनसोल नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय से मुलाकात कर अपनी पीड़ा व्यक्त की और उनके लिए बीपीएल क्वार्टर की मांग की।
इन निवासियों का कहना है कि वे बेहद गरीब और भूमिहीन हैं। उनके पास न तो अपनी जमीन है और न ही कोई स्थायी रोजगार। वर्षों पहले जब ये रेलवे क्वार्टर खाली पड़े थे, तब वे वहां आकर बस गए थे। लेकिन अब रेलवे प्रबंधन द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा है कि वे क्वार्टर खाली करें। आरपीएफ के जवान और रेलवे अधिकारी रोज आकर क्वार्टर खाली करने अथवा बुलडोजर चलाने की चेतावनी दे रहे हैं, जिससे इन परिवारों में दहशत का माहौल है।

इन लोगों ने मेयर से आग्रह किया कि नगर निगम रेलवे प्रबंधन से बातचीत कर इन्हें कुछ समय दिलवाए, ताकि वे अपने लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर सकें। साथ ही उन्होंने मेयर से आग्रह किया कि उन्हें बीपीएल आवास योजना के तहत घर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उनका परिवार सड़क पर न आ जाए।
इस संबंध में जब मेयर विधान उपाध्याय से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि 24 नंबर वार्ड के कुछ लोग मंगलवार को उनसे मिलने आए थे। उन्होंने बताया कि वे रेलवे के लोको क्वार्टरों में वर्षों से रह रहे हैं और अब रेलवे उन्हें वहां से हटा रहा है। उन्होंने अपनी स्थिति बताते हुए सहायता की अपील की।

मेयर ने कहा कि आसनसोल नगर निगम इस संबंध में रेलवे के डीआरएम से बात करेगा और कोशिश की जाएगी कि इन लोगों को कुछ समय मिले ताकि वे कोई वैकल्पिक व्यवस्था कर सकें। साथ ही नगर निगम स्तर पर भी इनके लिए स्थायी समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

गौरतलब है कि आसनसोल जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में वर्षों से खाली पड़े रेलवे क्वार्टरों में बड़ी संख्या में गरीब और वंचित वर्ग के लोग रह रहे हैं। अब रेलवे द्वारा इन स्थानों को खाली कराए जाने की कार्रवाई शुरू किए जाने से इन परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। अगर समय रहते समाधान नहीं निकाला गया, तो सैकड़ों परिवारों को बेघर होने की नौबत आ सकती है।
स्थानीय सामाजिक संगठनों ने भी इस मामले में हस्तक्षेप करने और सरकार से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की मांग की है।
मेयर से मुलाकात कर बीपीएल आवास की लगाई गुहार














Users Today : 46
Users Yesterday : 14